Gadchiroli Ashram School Snake Bite: महाराष्ट्र के आदिवासी बहुल गड़चिरोली जिले से एक अत्यंत दुखद और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। जिले के धनौरा तालुका में स्थित एक निजी अनुदानित आवासीय आश्रम स्कूल के हॉस्टल में देर रात सो रही छह छात्राओं को एक जहरीले सांप ने डस लिया। इस भीषण हादसे में तीन मासूम छात्राओं की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि तीन अन्य छात्राओं की हालत गंभीर बनी हुई है और उनका अस्पताल में इलाज जारी है।
रात के अंधेरे में हॉस्टल में घटी घटना
यह दर्दनाक हादसा धनौरा तालुका के जपतलाई गांव का है, जहां 'कुम्परलिंगो कल्चरल एजुकेशनल रिसर्च सोसाइटी' द्वारा संचालित आवासीय स्कूल का हॉस्टल स्थित है। घटना देर रात करीब 2:30 बजे घटी, जब हॉस्टल के कमरे में सभी छात्राएं गहरी नींद में सो रही थीं। इसी दौरान एक अत्यधिक जहरीले सांप ने कमरे में फर्श पर सो रही छह छात्राओं को एक-एक कर डस लिया। देखते ही देखते चीख पुकार मच गई। हॉस्टल प्रशासन और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। आनन-फानन में सभी प्रभावित छात्राओं को नजदीकी अस्पताल ले जाया गया।
अस्पताल में डॉक्टरों के अथक प्रयासों के बावजूद तीन छात्राओं ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया, जिससे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। सांप के जहर के असर से जूझ रही तीन अन्य छात्राओं को चिकित्सकों की निगरानी में रखा गया है, जहां उनकी स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। ग्रामीण इलाकों और जंगलों से घिरे आश्रम स्कूलों के हॉस्टलों में विद्यार्थियों की सुरक्षा, फर्स्ट-एड की उपलब्धता और बुनियादी सुविधाओं को लेकर स्थानीय लोगों तथा परिजनों में गहरा आक्रोश है।
महाराष्ट्र के सीएम ने क्या कहा?
इस बीच, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, जो इस जिले के प्रभारी मंत्री भी हैं, उन्होंने कहा, 'सांप के काटने से तीन लड़कियों की मौत हो गई है... मैंने और जानकारी मांगी है।' मामले की उच्च-स्तरीय जांच के आदेश दिए गए हैं।
