शहर

पार्टनर को मारकर शव बिना रुके कार में डालकर आगे बढ़ता प्रेमी, 350 किमी दूर पकड़ा गया, हत्या करने की वजह क्या?​

Kolhapur To Thane Murder Case: आरोपी प्रकाश का सुरेखा के साथ लंबे समय से प्रेम संबंध था, लेकिन उसे शक था कि सुरेखा का किसी अन्य व्यक्ति के साथ भी अफेयर चल रहा है।

Image

पार्टनर को मारकर शव बिना रुके कार में डालकर आगे बढ़ता प्रेमी, 350 किमी दूर ठाणे में पकड़ा गया, हत्या करने के पीछे की वजह क्या?

Maharashtra Crime News: महाराष्ट्र में प्रेम संबंधों में शक की आग किस हद तक खूनी हो सकती है, इसका एक और भयानक मामला सामने आया है। कोल्हापुर जिले में एक व्यक्ति ने अपनी महिला साथी पर किसी अन्य व्यक्ति के साथ अवैध संबंध होने के शक में कथित तौर पर गला घोंटकर उसकी बेरहमी से हत्या कर दी। हैवानियत यहीं नहीं रुकी, आरोपी हत्या के बाद शव को कार में लादकर कोल्हापुर से 350 किलोमीटर से अधिक दूर ठाणे जिले के भिवंडी तक ले आया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

खेत में की गई हत्या

नरपोली पुलिस थाने के वरिष्ठ निरीक्षक विजय कदबाने ने को बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान कोल्हापुर जिले के शिरगांव निवासी 40 वर्षीय प्रकाश आनंदा पाटिल के रूप में हुई है, जबकि मृतका की पहचान भी उसी गांव की रहने वाली 40 वर्षीय विधवा सुरेखा शिवाजीने आरे के रूप में हुई है।

बताया गया कि आरोपी प्रकाश का सुरेखा के साथ लंबे समय से प्रेम संबंध था, लेकिन उसे शक था कि सुरेखा का किसी अन्य व्यक्ति के साथ भी अफेयर चल रहा है। इसी शक के चलते रविवार सुबह करीब 11 बजे आरोपी ने शिरगांव स्थित अपने खेत पर कथित तौर पर महिला का गला घोंटकर उसकी जान ले ली। हत्या के बाद आरोपी ने शव को कपड़े में लपेटकर कार में छिपाया और रातभर गाड़ी चलाते हुए कोल्हापुर से ठाणे जिले के भिवंडी स्थित कासेली पहुंच गया।

कैसे पकड़ा गया?

सोमवार की सुबह भिवंडी के एक स्थानीय नागरिक को कार और उसमें रखे शव पर संदेह हुआ, जिसके बाद उसने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए वाहन का पता लगाया और मुख्य आरोपी प्रकाश आनंदा पाटिल को धर दबोचा। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और हत्या में प्रयुक्त कार को जब्त कर लिया है। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) (हत्या) के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए मामला संबंधित क्षेत्राधिकार वाले पुलिस थाने को स्थानांतरित कर दिया गया है। पुलिस यह भी पूछताछ कर रही है कि आरोपी शव को कहां और कैसे ठिकाने लगाने की फिराक में था।

Nitin Arora
नितिन अरोड़ाauthor

नितिन अरोड़ा टाइम्स नाउ नवभारत में न्यूज डेस्क पर सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। मीडिया में उनका 6 वर्षों का अनुभव है। वह राजनीति, देश–विदेश की बड़ी घटनाओं और समसामयिक मुद्दों को गहराई से समझकर उन्हें सटीक और सरल भाषा में प्रस्तुत करने में माहिर हैं। उन्होंने अपने करियर में लगातार करंट अफेयर्स, पॉलिटिकल डेवलपमेंट्स, डिप्लोमैटिक घटनाएं और डिफेंस सेक्टर से जुड़े विषयों पर प्रभावशाली कॉन्टेंट तैयार किया है और अबतक 6 हजार से अधिक आर्टिकल लिख चुके हैं। विभिन्न टॉपिक्स पर एक्सप्लेनेर, डेटा-आधारित रिपोर्ट्स और विश्लेषणात्मक कॉपी लिखने में उनकी मजबूत पकड़ है।

और पढ़ें
End of Article