Ludhiana School Principal Murder: पंजाब के लुधियाना जिले के जंडियाली गांव में एक स्कूल प्रिंसिपल और वकील की हत्या से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान 50 वर्षीय इकबाल सिंह के रूप में हुई है, जो अपने घर से ही "ढालीवाल स्कूल" का संचालन करते थे। स्कूल में आठवीं कक्षा तक के बच्चों को शिक्षा दी जाती थी। वारदात के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है, जबकि पुलिस ने हत्या की जांच तेज कर दी है।
दो अज्ञात हमलावर घर में घुस आए
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, देर रात दो अज्ञात हमलावर घर में घुस आए। आरोपियों ने पहले इकबाल सिंह और उनके बेटे युवी को बंधक बना लिया। इसके बाद धारदार हथियार से इकबाल सिंह पर हमला कर उनकी हत्या कर दी। बेटे युवी के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। तब तक आरोपी फरार हो गए। इसके बाद पुलिस को इसकी सूचना दी गई।
गर्दन पर गहरे कट का निशान
वहीं इस संगीन घटना की सूचना मिलते ही थाना जमालपुर पुलिस और सीआईए की टीमें घटनास्थल पर पहुंचीं। शुरुआती जांच में मृतक की गर्दन पर गहरे कट का निशान मिला है। फॉरेंसिक विशेषज्ञों ने मौके से अहम साक्ष्य जुटाए हैं। साथ ही पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके।
मामले की हर एंगल से पड़ताल जारी
पुलिस के अनुसार, हत्या के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। जांच सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर की जा रही है। मृतक की पत्नी भोपाल में वकालत की परीक्षा देने गई हुई हैं। उनके लौटने के बाद पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। घटना को लेकर थाना प्रभारी प्रमोद राज ने बताया कि पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है और आरोपियों की पहचान के लिए तकनीकी एवं फॉरेंसिक साक्ष्यों की मदद ली जा रही है। वहीं, किरायेदार गंगा देवी ने बताया कि घटना के समय शोर सुनकर आसपास के लोग बाहर निकले, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
