लखनऊ

आपका वोट आपके बच्चे को दिलाएगा 10 नंबर ज्यादा, लखनऊ में मतदान बढ़ाने की अनोखी पहल

लोकसभा चुनाव 2024 के तहत पांचवें चरण में 20 मई को लखनऊ में मतदान होना है। इससे पहले चुनाव आयोग और निजी संस्थाएं भी मतदान का प्रतिशत बढ़ाने के लिए तमाम प्रयास कर रहे हैं। ऐसा ही एक प्रयास लखनऊ के एक स्कूल ने किया है, जो माता-पिता के मतदान पर छात्रों को 10 नंबर अतिरिक्त देगा।

Image

मतदान बढ़ाने की अनोखी पहल

Photo : Times Now Digital

लखनऊ : उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में लोकसभा चुनाव 2024 के पांचवे चरण में यानी 20 मई को मतदान होगा। शहर में मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए हर तरफ से पहल हो रही है। एक तरफ राजनीतिक दल ताबड़तोड़ रैलियां कर रहे हैं और दूसरी ओर चुनाव आयोग भी बार-बार मतदाताओं को सजग कर रहा है। इस बीच शहर के अन्य संस्थान भी अपनी-अपनी ओर से पहल कर रहे हैं। ऐसा ही कुछ किया है शहर के सेंट जोसेफ स्कूल ने। स्कूल ने मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए अनोखी पहली की है, जिसके तहत माता-पिता के वोट करने पर उनके बच्चों को 10 नंबर अतिरिक्त दिए जाएंगे।

राज्य की राजधानी लखनऊ में इस बार 70 फीसद मतदमान का लक्ष्य रखा गया है। कई निजी संस्थाएं इसमें अपनी ओर से योगदान दे रही हैं। सेंट जोसेफ स्कूल के प्रबंधन अनिल अग्रवाल ने घोषणा की है कि जो भी अभिभावक मतदान में भाग लेंगे, उनके बच्चों को एग्जाम में 10 नंबर अतिरिक्त दिए जाएंगे। इसके लिए अभिभावकों को मतदान के बाद स्कूल में आकर कमेटी के सामने अपनी उंगली पर लगी मतदान की अमिट स्याही दिखानी होगी।

टीचर्स को एक्स्ट्रा सैलरी

ऐसा नहीं है कि यह ऑफर सिर्फ छात्रों और उनके माता-पिता के लिए है। बल्कि स्कूल में काम करने वाले टीचर्स और अन्य कर्मचारियों के भी पूरे परिवार सहित मतदान करने पर उन्हें एक दिन का अतिरिक्त वेतन यानी सैलरी मिलेगी। स्कूल प्रबंधक अनिल अग्रवाल का कहना है कि लोकतंत्र के पर्व में हम सभी की भागीदारी होनी चाहिए। सभी को मतदान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेना चाहिए।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने स्वयं सेंटोनियल कॉलेज, गोलागंज स्थित क्रिश्चियन कॉलेज और विक्रमादित्य मार्ग पर मौजूद अवध गर्ल्स डिग्री कॉलेज में बने मतदान केंद्रों का दौरा किया। सेंटीनियल कॉलेज को मॉडल वोटिंग सेंटर बनाने के वास्ते उन्होंने निर्देश दिया कि यहां पर चारों बूथों में कूलर और पोलिंग पार्टी के ठहरने के स्थान पर भी कूलर की व्यवस्था की जाए। इसके अलावा आरओ के ठंडे पानी की व्यवस्था करने का भी निर्देश उन्होंने दिया।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article