लखनऊ

हरदोई में गुंडई का फिल्मी ड्रामा; कहासुनी के बाद युवती ने सेल्समैन पर तानी रिवॉल्वर, दी जान से मारने की धमकी

उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले में HP पेट्रोल पंप पर एक चौंकाने वाली घटना सामने आई, जहां मामूली बहस के बाद एक युवती ने सेल्समैन पर रिवॉल्वर तान दी। यह पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हो गई, और पुलिस ने मौके पर पहुंचकर युवती समेत परिवार के अन्य सदस्यों को हिरासत में ले लिया। फिलहाल मामले की जांच जारी है।

Image

युवती ने सेल्समैन पर तान दी रिवाल्वर

Photo : Times Now Digital

Hardoi News: उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले में एक पेट्रोल पंप पर हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है। CNG भरवाने पहुंची एक युवती और उसके परिजनों ने मामूली कहासुनी के बाद सेल्समैन को धमकाया, पीटा और युवती ने उस पर रिवॉल्वर तान दी। ये पूरी घटना पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। घटना बिलग्राम कोतवाली क्षेत्र के सांडी रोड स्थित HP पेट्रोल पंप की है। यहां सेल्समैन रजनीश कुमार रोज की तरह ड्यूटी पर था। इसी दौरान हुस्नबानो पत्नी एहशान खां और उनकी बेटी सुरुश खां उर्फ अरीबा खां CNG भरवाने पहुंची।

जब सेल्समैन ने सुरक्षा कारणों से युवती को कार से उतरने को कहा, तो युवती आगबबूला हो गई और बहस शुरू हो गई। बात इतनी बढ़ गई कि सुरुश खां ने गाड़ी से रिवॉल्वर निकाली और सेल्समैन के सीने पर तानते हुए कहा कि इतनी गोलियां मारेंगे कि घर वाले पहचान नहीं पाएंगे। इस दौरान युवती और उसके परिजनों ने सेल्समैन से हाथापाई भी की। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और युवती, उसकी मां समेत परिवार के अन्य सदस्यों को हिरासत में लेकर रिवॉल्वर जब्त कर ली। कर्मचारी रजनीश सिंह की शिकायत के आधार पर एहसान खान, हुस्नबानो और सुरुश खान उर्फ अरीबा के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी परिवार शाहाबाद कोतवाली क्षेत्र का निवासी है।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article