शहर

आजमगढ़: पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर एक के बाद एक भिड़ी कई गाड़ियां, तीन की मौत, कई घायल

Purvanchal Expressway Accident: आजमगढ़ में घनी धुंध के कारण पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर तेज रफ्तार स्लीपर बस ट्रेलर में जा घुसी, जिससे पीछे से आ रहे कई वाहन टकरा गए। हादसे में तीन लोगों की मौत और दर्जन भर घायल हुए।

Image

आजमगढ़ में पूर्वांचल एक्प्रेसवे पर बड़ा हादसा

Purvanchal Expressway Accident: उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले में गुरुवार सुबह घने कोहरे के कारण पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर एक भीषण सड़क हादसा हो गया। मुबारकपुर थाना क्षेत्र के फखरुद्दीनपुर गांव के पास माइलस्टोन 252 पर कम दृश्यता के चलते एक तेज रफ्तार निजी स्लीपर बस आगे चल रहे ट्रेलर में पीछे से जा घुसी। इस टक्कर के बाद पीछे से आ रहे कई अन्य वाहन भी एक-दूसरे से टकराते चले गए। इस दर्दनाक दुर्घटना में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि करीब एक दर्जन लोग घायल हो गए।

कैसे हुआ यह भीषण हादसा?

गुरुवार सुबह करीब 8 बजे एक्सप्रेसवे पर घनी धुंध छाई हुई थी। दिल्ली से गाजीपुर जा रही एक तेज रफ्तार निजी स्लीपर बस लखनऊ की ओर से आ रही थी। कम दृश्यता के कारण बस चालक आगे चल रहे ट्रेलर को समय रहते नहीं देख सका और बस सीधे ट्रेलर के पिछले हिस्से में जा घुसी।

कई वाहनों की भिड़ंत

बस के टकराते ही पीछे से आ रहे वाहन भी अनियंत्रित होकर एक के बाद एक आपस में भिड़ गए। इस सिलसिलेवार टक्कर में कुल दो बसें और पांच ट्रक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए हादसे के तुरंत बाद एक्सप्रेसवे पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही मुबारकपुर थाना प्रभारी प्रदीप मिश्र समेत कई थानों की पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया।

अस्पताल में भर्ती घायल

सभी घायलों को एंबुलेंस की मदद से तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया। एसपी सिटी मानुष पारीक और सीओ सिटी शुभम तोदी ने पुलिस टीम के साथ जिला अस्पताल पहुंचकर घायलों का हाल जाना और राहत कार्यों का जायजा लिया।मृतकों की शिनाख्त के प्रयास: पुलिस के अनुसार, तीनों मृतक स्लीपर बस में सवार थे, जिनकी अभी तक शिनाख्त नहीं हो सकी है। दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को क्रेन की मदद से एक्सप्रेसवे से हटवाकर बाधित यातायात को बहाल कराया गया।

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article