UP Ka Mausam (यूपी में आज का मौसम कैसा रहेगा) 7-July-2025: उत्तर प्रदेश में मानसून का असर बरकरार है, लेकिन बीते दिनों की तुलना में बारिश की रफ्तार थोड़ी थमी है। नतीजतन, राज्य के अधिकांश हिस्सों में मौसम भले ही सुहावना बना हुआ हो लेकिन उमस भरी गर्मी फिर से लोगों को परेशान करने लगी है। मौसम विभाग ने 12 जुलाई तक राज्य में गरज-चमक और बारिश की संभावनाएं जताई हैं।
पश्चिमी यूपी में भारी बारिश की चेतावनी
आज यानी सोमवार को पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में गरज-चमक के साथ जोरदार बारिश की संभावना है। मौसम विभाग ने सहारनपुर, शामली, झांसी, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, मुरादाबाद, रामपुर, पीलीभीत और ललितपुर जैसे जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। इन इलाकों में बिजली गिरने की भी आशंका है, जिसके चलते लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
पूर्वी यूपी में सामान्य बारिश
पूर्वी उत्तर प्रदेश में हालात अपेक्षाकृत शांत हैं। मौसम विभाग के मुताबिक वहां कहीं भी भारी बारिश की संभावना फिलहाल नहीं है, लेकिन बादल गरजने और बिजली चमकने की घटनाएं हो सकती हैं। लखीमपुर खीरी, सीतापुर, हरदोई, फर्रुखाबाद, कानपुर, प्रयागराज, फतेहपुर, मिर्जापुर, चंदौली, महाराजगंज और अन्य जिलों में हल्की बारिश या गरज-चमक देखी जा सकती है। इसके अलावा मौसम विभाग ने गौतमबुद्ध नगर, अलीगढ़, मथुरा, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया, बुलंदशहर, कासगंज, शाहजहांपुर, और हमीरपुर जैसे जिलों में भी बादल छाने और बिजली गिरने की संभावनाएं जताई हैं। इन क्षेत्रों में भी आंधी-पानी की हलचल बनी रह सकती है।
आगे कैसा रहेगा मौसम
8 से 10 जुलाई के बीच पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में और पूर्वी यूपी में बिखरी बारिश हो सकती है। वहीं 11 और 12 जुलाई को पूरे प्रदेश में केवल कुछ चुनिंदा क्षेत्रों में ही बौछारें पड़ने की उम्मीद है। कुल मिलाकर, मौसम में उतार-चढ़ाव जारी रहेगा और पूरी तरह सूखा या भारी वर्षा वाला कोई स्थिर पैटर्न फिलहाल नजर नहीं आ रहा।
