Lucknow News: कानपुर के भाऊपुर यार्ड के पास शुक्रवार शाम को मुजफ्फरपुर-साबरमती जनसाधारण एक्सप्रेस (15269) हादसे का शिकार हो गई। शाम करीब 4:20 बजे ट्रेन की छठी और सातवीं बोगी इंजन से अलग होकर पटरी से उतर गई। इस घटना का सीधा असर लखनऊ रूट की ट्रेनों पर पड़ा, जिससे चारबाग स्टेशन से होकर गुजरने वाली कई प्रमुख ट्रेनें प्रभावित हुईं।
लखनऊ-नई दिल्ली शताब्दी, लखनऊ मेल, वाराणसी इंटरसिटी, पुष्पक एक्सप्रेस, सत्याग्रह एक्सप्रेस और अवध एक्सप्रेस जैसी गाड़ियां औसतन 1.5 से 3 घंटे की देरी से चलीं। चारबाग, आलमनगर और ऐशबाग स्टेशनों पर यात्रियों को घंटों तक ट्रेनों का इंतजार करना पड़ा। गर्मी और उमस के कारण खासकर छोटे बच्चों और बुजुर्ग यात्रियों को भारी परेशानी उठानी पड़ी। कई लोगों ने सोशल मीडिया के जरिए रेल प्रशासन से सहायता की अपील भी की।
हादसे के समय ट्रेन मुजफ्फरपुर से अहमदाबाद की ओर जा रही थी। जैसे ही बोगियां असंतुलित होकर झुकने लगीं, कई यात्री घबराकर चलती ट्रेन से कूद पड़े। राहत की बात यह रही कि सभी यात्री सुरक्षित हैं। रेलवे और स्थानीय कर्मचारियों ने तुरंत हरकत में आते हुए महिलाओं और बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला।
रेलवे ने कानपुर, फतेहपुर, प्रयागराज, टूंडला, इटावा और अलीगढ़ में हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं। दुर्घटनास्थल पर मेडिकल वैन भेजी गई और ट्रैक की मरम्मत का कार्य तुरंत शुरू कर दिया गया। हादसे की गंभीरता को देखते हुए उच्चस्तरीय जांच समिति का गठन कर दिया गया है।
