लखनऊ

लखनऊ में नाबालिग लड़की की संदिग्ध परिस्थिति में मौत, परिजनों का आरोप दुष्कर्म के बाद हत्या

लखनऊ में 14 वर्षीय नाबालिग की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत की खबर है। मूल रूप से उन्नाव की रहने वाली लड़की एक सरकारी स्कूल के टीचर के घर में काम करती थी। परिजनों का आरोप है कि उनकी बच्ची के साथ रेप करने के बाद उसकी हत्या की गई है।

Image

लखनऊ में नाबालिग की संदिग्ध मौत

Photo : Times Now Digital

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के पीजीआई इलाके में 14 साल की एक नाबालिग लड़की की संदिग्ध हालत में मौत हो गई। बताया जा रहा है कि नाबालिग इसी महीने 8 जुलाई को सरकारी स्कूल के एक टीचर के घर काम करने के लिए आई थी। सोमवार 15 जुलाई को अचानक लड़की की तबीयत बिगड़ी और उसकी मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि उनकी बेटी के साथ दुष्कर्म के बाद उसकी हत्या की गई है। पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है।

मृतक नाबालिग उन्नाव की रहने वाली थी और पांचवी कक्षा तक पढ़ी थी। गरीबी के चलते माता-पिता उसे आगे नहीं पढ़ा पाए। वह 6 महीने से उपहार उद्यान इंडिगो कॉलोनी पीजीआई में रहने वाले सरकारी टीचर सौरभ सिंह के घर में केयर-टेकर की नौकरी कर रही थी। बीच में वह कुछ दिन के लिए अपने घर उन्नाव गई थी। 8 जुलाई को वह लखनऊ वापस लौटी थी।

सौरभ सिंह का कहना है कि नाबालिग की सेहत पहले से ही खराब थी। उनके अनुसार लड़की को दौरे पड़ते थे और उसका लोकबंधु अस्पताल में इलाज चल रहा था। सोमवार को अचानक लड़की की सेहत बिगड़ गई और अस्पताल ले जाते समय उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया।

मृतक लड़की के परिवाजनों का का कहना है कि सौरभ सिंह उनके गांव में सरकारी टीचर हैं। लड़की का परिवार बहुत गरीब है और उसके पिता की 3 साल पहले मौत हो चुकी है। परिजनों ने बताया कि सौरभ सिंह उनके घर आए थे, उन्होंने परिवार से कहा कि लड़की को उनके लखनऊ वाले घर पर भेज दें। उन्होंने कहा, वहां हमारे माता-पिता और पत्नी रहते हैं। यहां वह घर के काम करेगी और परिवार के सदस्य की तरह रहेगी। इसके बदले में हर महीने कुछ पैसे और खाना व कपड़े देंगे।

लड़की की मां और परिवारजनों का कहना है कि लड़की के लखनऊ लाने के बाद उससे परिवार के किसी सदस्य की बात नहीं करवाई गई। परिवार ने बताया कि उन्होंने मास्टर जी से कई बार बच्ची से बात कराने को कहा तो वो हर बार कहते कि बाहर हैं। बेटी की ठीक होने का भरोसा दिया जाता था।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!