भानगढ़ के बारे में तो आपने सुना ही होगा। भानगढ़ के बारे में कहा जाता है कि यह देश का सबसे डरावना स्थान है। इसे भुतिया किला भी कहा जाता है। कहते हैं कि देश में यहां पर सबसे ज्यादा पैरानॉर्मल एक्टविटीज होती हैं। यहां रात को रुकने की मनाही है। भानगढ़ की कहानी प्यार, धोखे, अय्यारी और श्राप की कहानी है। लेकिन ऐसा नहीं है कि भारत में ही भानगढ़ जैसी डरावनी जगहें हैं। पड़ोसी देश पाकिस्तान में एक मकान के बारे में कहा जाता है कि यह बहुत ही ज्यादा डरावना है। यह घर पाकिस्तान के सबसे बड़े शहरों में से एक कराची में मौजूद है। चलिए जानते हैं इस डरावने घर की कहानी -
दुनियाभर में कई ऐसी जगहें हैं, जिन्हें डरावना या भुतिया कहा जाता है। हालांकि, आधुनिक विज्ञान ऐसी बातों को नहीं मानता, लेकिन इन जगहों पर जाने से ज्यादातर लोग डरते हैं। बहुत से लोग इन बातों को मानते हैं। आज हम पाकिस्तान के कराची में जिस डरावने घर की बात कर रहे हैं, माना जाता है कि पूरे पाकिस्तान के सबसे डरावना घर है। इस डरावने घर को हाउस नंबर 39-के कहा जाता है।
कराची शहर में जब आप P.E.C.H.S. के ब्लॉक-6 से आगे बढ़ते हैं तो यहां हाउस नंबर 39-K के आसपास चमकीली रोशनी नजर आती है। जिन लोगों को इस घर के भुतिया होने के बारे में जानकारी नहीं है, वह आसानी से विश्वास कर सकते हैं कि घर में कोई न कोई जरूर रहता होगा। लेकिन आश्चर्यजनक बात तो यही है कि यह घर कई दशकों से बंद है, दशकों से इसमें कोई नहीं रहता। क्यों अब आपको भी डर लगा ना!
भूतनी देखने का दावा
यहां से गुजरने वाले कुछ लोगों का दावा है कि उन्होंने इस घर में भूतनी देखी है। उन लोगों का दावा है कि सफेद कपड़े पहने एक गोरे रंग की भूतनी को उन्होंने यहां देखा है। लोग बताते हैं कि भूतनी सड़क पर चलते हुए आगे जाती है और अचानक गायब हो जाती है।
39-के की कहानी
एक पाकिस्तानी जर्नल की कहानी के अनुसार कई साल इसी घर के स्थान पर सहकारी कर्मचारियों के लिए एक हाउसिंग सोसाइटी बनाई गई थी। यहां पर बहुत सारे घर बनाए गए थे, जिनमें यहां की बड़ी आबादी रहती थी। हालांकि, हाउस नंबर 39-K कुछ समय तक खाली रहा। लेकिन एक रात अचानक अंदर से तेज रोशनी दिखने लगी।
लोगों ने इलाका ही छोड़ दिया
लोगों का कहना है कि बंद घर के अंदर अचानक लाइट दिखने लगी। बंद घर में अचानक लाइट जली देखकर आसपास के लोग घबरा गए। फिर इस घर में सफेद कपड़ों में एक गोरी महिला दिखाई देने लगी। धीरे-धीरे यह कहानी पूरे कराची और पाकिस्तान में फैल गई। बस फिर क्या था, देखते ही देखते हाउसिंग सोसाइटी के लोगों ने इस इलाके को छोड़ना शुरू कर दिया।घर कई वर्षों से बंद है, लेकिन फिर भी इसके गलियारों में सफेद रोशनी नजर आती है। यह रोशनी लगभग हर शाम दिखती है। इसी गलियारे में हर शाम सफेद कपड़े पहने एक महिला देखी जाती है। धीरे-धीरे यह घर कराची का एक मशहूर पर्यटन स्थल हो गया। भूत देखने के शौकीन और भुतिया कहानियों में विश्वास नहीं करने वाले लोग भी यहां बड़ी संख्या में आने लगे। लेकिन हर कोई यहां दिन के समय ही आता है। सफेद कपड़े पहनी भूतनी दिखने की घटना शाम को ही होती है, लेकिन दिन में भी कोई इस घर के अंदर जाने की हिम्मत नहीं करता।
