लखनऊ

Lucknow News: अखिलेश यादव बोले- 'चौधरी चरण सिंह की आर्थिक नीतियों से देश के किसानों को मिला न्याय'

  • Agency by: Agency
  • Updated Dec 24, 2023, 11:16 AM IST

Lucknow News: अखिलेश यादव ने पार्टी मुख्यालय के डॉ. राम मनोहर सभागार में उनके तस्वीर पर पुष्पांजलि अर्पित की। यादव ने कहा, ‘‘किसानों की समृद्धि के लिए आजीवन संघर्ष करने वाले पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह जी की आर्थिक नीतियों के चलते ही देश के किसानों के प्रति न्याय का रास्ता प्रशस्त हुआ है।'

Image

Lucknow News: समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने शनिवार को कहा कि किसानों की समृद्धि के लिए आजीवन संघर्ष करने वाले पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह की आर्थिक नीतियों के चलते ही देश के किसानों के प्रति न्याय का रास्ता प्रशस्त हुआ है। उत्तर प्रदेश में विपक्षी दलों खासतौर से समाजवादी पार्टी (सपा), कांग्रेस और राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) ने शनिवार को पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह की 121वीं जयंती मनाई। इस मौके पर सपा मुख्यालय से जारी बयान के अनुसार पार्टी के राज्य मुख्यालय, लखनऊ सहित प्रत्येक जिले में पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह की 121वीं जयंती सादगी से मनाई गई।

अखिलेश यादव ने पार्टी मुख्यालय के डॉ. राम मनोहर सभागार में उनके तस्वीर पर पुष्पांजलि अर्पित की। यादव ने कहा, ‘‘किसानों की समृद्धि के लिए आजीवन संघर्ष करने वाले पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह जी की आर्थिक नीतियों के चलते ही देश के किसानों के प्रति न्याय का रास्ता प्रशस्त हुआ है। समाजवादी पार्टी उनके रास्ते पर चलते हुए किसानों को न्याय दिलाने के लिए संकल्पित है।’’ यादव ने चौधरी साहब को नमन करते हुए कहा कि उनके बताए हुए रास्ते से ही गांवों का विकास तथा किसानों की तरक्की होगी।

कांग्रेस राज्य मुख्यालय से जारी बयान के अनुसार ‘यूपी जोड़ो यात्रा’ शनिवार को अपने चौथे दिन बिजनौर से शुरू हुई। यात्रा के दौरान प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पूर्व राज्यमंत्री अजय राय ने पूर्व प्रधानमंत्री एवं किसान राजनेता चौधरी चरण सिंह की जयंती के मौके पर उनकी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की। बिजनौर के बिलई चीनी मिल पर अजय राय ने अपने संबोधन में कहा कि इतिहास गवाह है की जब-जब कोई यात्रा जनमानस से जुड़े सरोकार और मुद्दों की आवाज बनते हुए आगे बढ़ी है तो वह बड़े राजनीतिक परिवर्तन का वाहक बनी है।

राष्‍ट्रीय लोकदल ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्‍स’ (पूर्व में ट्विटर) पर पोस्‍ट कर कहा, ‘‘किसान मसीहा व भारत के पूर्व प्रधानमंत्री स्व. चौधरी चरण सिंह की 121वीं जयंती पर विधान भवन स्थित चौधरी साहब की प्रतिमा पर माल्यार्पण और पार्टी मुख्यालय पर हवन पूजन कर भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की गई।’’ यह भी बताया कि इस अवसर पर पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष रामाशीष राय, राष्ट्रीय सचिव अनुपम मिश्रा, राष्ट्रीय प्रवक्ता अनिल दुबे, व्यापार प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष रोहित अग्रवाल एवं अन्य पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता मौजूद रहे।’’ सत्ताधारी भारतीय जनता पार्टी के सहयोगी अपना दल (एस) कार्यालय में भी किसानों के मसीहा चौधरी चरण सिंह की जयंती मनाई गई। इस अवसर पर पार्टी कार्यालय में एक गोष्ठी का भी आयोजन किया गया।

End of Article