इन बसों के संचालन से जुनाबगंज, बंथरा, कटिबगिया और बनी गांव के लोगों को काफी राहत मिलेगी। एमडी आरके त्रिपाठी के अनुसार, रोजाना इंजीनियरिंग कॉलेज से सुबह साढ़े सात बजे ई-बसें रवाना होंगी। आम लोगों को बसों की सुविधा हर 40 मिनट पर प्राप्त होगी।
बनी से देना होगा इतना किराया
राजधानी में सिटी बसों से यात्रा करने पर एक यात्री से जुनाबगंज के छह रुपए चुकाने होंगे। इसके अलावा बंथरा के 12, स्कूटर इंडिया के 22, एयरपोर्ट मोड़ के 27, अवध चौराहे और आलमबाग बस टर्मिनल के 33 रुपये चुकाने होंगे। वहीं, चारबाग, जीपीओ और निशातगंज के 38 रुपये, इंजीनियरिंग कॉलेज तक 50 रुपये का किराया देना होगा। इस रूट पर सिटी बसों के संचालन से यात्रियों ने राहत की सांस ली है। साधारण बस के किराए पर यात्री इलेक्ट्रिक एसी बसों से सफर कर पाएंगे। लखनऊ में इलेक्ट्रिक एसी बसों का बेहतर लोड फैक्टर के साथ संचालन हो रहा है। इन बसों से ही यात्री यात्रा करना पसंद कर रहे हैं।
यूपी के 100 बस अड्डों पर वीडियो वॉल लगेगी
दूसरी ओर, रोडवेज बसों से यात्रा करने वाले लोगों के लिए राहत की खबर है। अब बस अड्डे पहुंचकर बसों की जानकारी करने के लिए यात्रियों को भटकना नहीं होगा। लखनऊ के चार मुख्य बस अड्डों समेत यूपी के 100 बस अड्डों पर वीडियो वॉल लगेगी। इनके लगने से यात्री बस अड्डे पर पहुंचते ही बसों के आने और जाने की सूचना एलईडी टीवी स्क्रीन पर देख पाएंगे। परिवहन निगम प्रधान प्रबंधक संचालन आशुतोष गौंड की ओर से ज्यादा फुटफाल वाले बस अड्डों की सूचना क्षेत्रीय प्रबंधकों से मांगी गई है।
