Kannauj Accident: आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर एक बार फिर रफ्तार का कहर दिखा। रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में तेज रफ्तार बस की ट्रक से टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि बस चालक और कंडक्टर की मौके पर ही मौत हो गई। यह हादसा कन्नौज जिले के ठठिया थाना क्षेत्र में एक्सप्रेसवे के 198 किलोमीटर कट पर हुआ।
तेज रफ्तार ने ली दो जानें
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बस तेज गति में थी और अनियंत्रित होकर ट्रक में जा भिड़ी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। इस हादसे में बस के चालक और परिचालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि ट्रक चालक दुर्घटना के तुरंत बाद फरार हो गया।
पुलिस ने बहाल कराया ट्रैफिक
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय ठठिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कन्नौज मेडिकल कॉलेज की मोर्चरी भिजवा दिया गया। पुलिस ने घटनास्थल से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात बहाल कराया। पुलिस फरार ट्रक चालक की तलाश में जुट गई है। घटनास्थल पर लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि हादसे के सटीक कारणों और ट्रक की जानकारी जुटाई जा सके।
