लखनऊ

Lucknow: आज KGMU पहुंचेंगे मुख्यमंत्री योगी, 900 करोड़ के प्रोजेक्ट्स का होगा उद्घाटन

सीएम योगी सोमवार को किंग जॉर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय (KGMU) में 941 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे। इस अवसर पर वे 5 नए भवनों का लोकार्पण और शुभारंभ करेंगे, जिसमें 2 प्रमुख परियोजनाओं का उद्घाटन और 3 का शिलान्यास शामिल है। KGMU के प्रवक्ता प्रो. केके ने बताया कि इन परियोजनाओं से मरीजों को बड़ी राहत मिलेगी।

Image

5 नई इमारतों का करेंगे शिलान्यास-लोकार्पण (फाइल फोटो|PTI)

Photo : PTI

Lucknow News: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के किंग जॉर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय (KGMU) को सोमवार को एक बड़ी सौगात मिलने जा रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 941 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले 5 नए भवनों का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। KGMU के प्रवक्ता प्रो. के.के. सिंह के अनुसार, मुख्यमंत्री दोपहर 3:30 बजे विश्वविद्यालय पहुंचेंगे और सबसे पहले 340 बेड वाले ऑर्थोपेडिक सुपर स्पेशियलिटी सेंटर और 92 बेड के नए कार्डियोलॉजी ICU भवन का उद्घाटन करेंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री अटल बिहारी बाजपेयी कन्वेंशन सेंटर में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में शामिल होंगे। इस दौरान स्वास्थ्य मंत्री एवं उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक और राज्य स्वास्थ्य राज्यमंत्री मयंकेश्वर शरण सिंह भी मौजूद रहेंगे।

अत्याधुनिक सुविधाओं से होंगे लैस

ऑर्थोपेडिक सुपर स्पेशियलिटी सेंटर में एक ही छत के नीचे आर्थोपेडिक सर्जरी, स्पोर्ट्स मेडिसिन, पीडियाट्रिक सर्जरी, रेडियोलॉजी और पैथोलॉजी जैसी सुविधाएं होंगी। सात मंजिला भवन में 220 बेड आर्थोपेडिक्स, 60-60 बेड स्पोर्ट्स और पीडियाट्रिक आर्थो, 24 HDU बेड, 8 ऑपरेशन थिएटर, और 24 प्राइवेट रूम होंगे।

नए कार्डियोलॉजी ब्लॉक से लारी कार्डियोलॉजी ICU की क्षमता 84 से बढ़कर 180 बेड हो जाएगी। इसमें दो कैथ लैब, 6 ईको मशीन, 96 बेड साइड मॉनिटर, 120 सिरिंज पंप और एडवांस कार्डियोलॉजी उपकरण शामिल होंगे।

दो बड़े प्रोजेक्ट्स का शिलान्यास

मुख्यमंत्री 500 बेड वाले ट्रॉमा-2 सेंटर और 300 बेड की क्षमता वाले जनरल सर्जरी विभाग का शिलान्यास भी करेंगे। ट्रॉमा सेंटर पर 296 करोड़, जबकि जनरल सर्जरी भवन पर 315 करोड़ रुपये खर्च होंगे। जनरल सर्जरी भवन में 12 ऑपरेशन थिएटर, जिनमें एक एडवांस रोबोटिक ओटी शामिल है, और दो मंजिला अंडरग्राउंड पार्किंग भी होगी।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article