लखनऊ

रिहैब सेंटर में 4 बच्चों की मौत: 20 से ऊपर बच्चे अस्पताल में भर्ती, फूड पॉइजनिंग की आशंका

लखनऊ के एक पुनर्वास केंद्र में कथित फूड पॉइजनिंग के कारण बच्चों को अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा है। इस मामले में चार बच्चों के मौत की पुष्टि हुई है। डॉक्टरों ने सभी बीमार बच्चों में पानी की कमी होने की बात कही है। घटना के बाद स्थानीय अधिकारियों ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

Image

रिहैब सेंटर में 4 बच्चों की मौत

लखनऊ के पास पारा क्षेत्र में बच्चों के लिए निर्वाण रिहैब सेंटर में कथित तौर पर भोजन फूड पॉइजनिंग के कारण कई बच्चे बीमार हो गए। मंगलवार, 23 मार्च से लेकर 26 मार्च के बीच 20 से ऊपर बच्चों को लोकबंधु अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मीडिया रिपोर्ट्स कम से कम दो बच्चियों के मौत की बात कर रही हैं। गंभीर हालत के चलते कुछ बच्चों को KGMU रेफर किया गया है।

डॉक्टर ने क्या कहा

लोकबंधु अस्पताल के अधीक्षक डॉ. राजीव कुमार दीक्षित ने बताया कि मंगलवार शाम को रिहैब सेंटर से करीब 20 बच्चों को अस्पताल लाया गया था। ये सभी बच्चे मानसिक रूप से विकलांग हैं। जब वे यहां पहुंचे तो उनमें पानी की कमी थी। हमारे सर्वोत्तम प्रयासों के बावजूद दो बच्चों की मौत हो गई। गंभीर रूप से बीमार दो बच्चों को KGMU में रेफर कर दिया गया है और शेष बच्चों की हालत में सुधार हुआ है।

चार बच्चों की मौत

ये रिहैब सेंटर सार्वजनिक-निजी भागीदारी (PPP) मॉडल से चलता है। इसमें 147 बच्चे रहते हैं, जिनमें मुख्य रूप से अनाथ और मानसिक रूप से विकलांग बच्चे शामिल हैं। मंगलवार सुबह इस केंद्र में रह रहे कुछ बच्चों को उल्टी, दस्त और पेट दर्द की शिकायत हुई। उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां एक बालिका की मंगलवार और एक बालिका कि बुधवार को मौत हुई है। दोनों की उम्र 13 साल के आसपास है। इनके अलावा दो और बच्चों की मौत हुई है। सभी मृत बच्चों की उम्र 12 से 17 साल के बीच है।

कमिश्नर रोशन जैकब ने मीडिया से बात करते हुए यह आशंका जताई कि दूषित पानी की वजह से बच्चों की तबियत बिगड़ी।

मामले की जांच शुरू

लखनऊ के जिला मजिस्ट्रेट ने कथित फूड पॉइजनिंग के कारण का पता लगाने के लिए एक समिति गठित की है। स्वास्थ्य विभाग और खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों ने प्रभावित बच्चों से पूछताछ करने के लिए अस्पताल का दौरा भी किया। जांच के लिए रिहैब सेंटर से खाने के नमूने भी इकठ्ठे किए गए हैं। बच्चों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, जिसके बाद घटना का कारण साफ हो पाएगा।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!