पंजाब और हरियाणा के अपराधियों पर नकेल कसने के लिए दोनों राज्यों की पुलिस ने केंद्रीय एजेंसियों के साथ मिलकर एक बेहद बड़ा और सफल इंटरनेशनल ऑपरेशन अंजाम दिया है। इस संयुक्त कार्रवाई के तहत अफ्रीकी देश अंगोला में छिपे बैठे दो सबसे कुख्यात और वांटेड गैंगस्टरों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पकड़े गए बदमाशों की पहचान वरिंदर उर्फ जॉबन सैदोक और मनजोत के रूप में हुई है। इस हाई-प्रोफाइल इंटरनेशनल ऑपरेशन की सफलता के बाद अब दोनों ही गैंगस्टरों को प्रत्यर्पण या डिपोर्टेशन के जरिए वापस भारत लाने की कानूनी प्रक्रिया तेज कर दी गई है।
5 लाख के इनामी हत्थे चढ़े
गिरफ्तार किए गए दोनों अपराधी भारत में कई गंभीर और सनसनीखेज वारदातों को अंजाम देकर विदेश भाग गए थे। इनमें से वरिंदर उर्फ जॉबन सैदोक पंजाब में हत्या के 4 बड़े मामलों में मुख्य आरोपी और वांटेड था। उसकी जघन्य आपराधिक गतिविधियों को देखते हुए पंजाब सरकार ने उस पर 5 लाख रुपये का भारी-भरकम इनाम घोषित किया हुआ था।
वहीं, दूसरा गैंगस्टर मनजोत हरियाणा में कई बड़ी लूट, रंगदारी और आपराधिक मामलों में वांछित चल रहा था। पुलिस सूत्रों के अनुसार, ये दोनों कुख्यात गैंगस्टर गोपी घनशामपुरिया और डोनी बल गैंग के बेहद सक्रिय गुर्गे हैं और विदेश में बैठकर भारत में अपना नेटवर्क चला रहे थे।
टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें- जंतर-मंतर पर फिर बवाल! अनशन पर बैठे अभिजीत दीपके पर महिला ने फेंकी स्याही, मौके पर भारी हंगामा
रेड कॉर्नर नोटिस के जरिए कसा गया शिकंजा
पंजाब और हरियाणा पुलिस इन दोनों अपराधियों की लोकेशन को लेकर काफी समय से अलर्ट पर थी। पंजाब पुलिस ने इंटरनेशनल स्तर पर इन दोनों गैंगस्टरों के खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस जारी करवा रखा था। भारतीय सुरक्षा एजेंसियां लगातार अंतरराष्ट्रीय जांच एजेंसियों और अंगोला सरकार के संपर्क में थीं। जैसे ही इन दोनों गैंगस्टरों की सटीक लोकेशन मिली, केंद्रीय एजेंसियों और स्थानीय पुलिस के समन्वय से इन्हें धर-दबोचा गया।
