Mainpuri News: मैनपुरी के दन्नाहार थाना इलाके में शनिवार देर रात बड़ा सड़क हादसा हो गया। जहां तेज रफ्तार रोजवेज बस डिवाइडर पर चढ़कर पलट गई। हादसा इतना भयानक था कि बस के चारों पहिये ऊपर हो गए और मौके पर चीख पुकार मच गई। दन्नाहार थाने के निकट हादसा होने के चलते तत्काल पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। हादसे में 20 के लगभग सवारी घायल हो गए। घटना की सूचना के बाद DM और SP ने जिला अस्पताल की इमरजेंसी पहुंचकर घायलों का हाल जाना तो वहीं उचित उपचार दिलाने के लिए स्वास्थ्य विभाग को निर्देशित किया।
इस दुर्घटना पर डीएम अंजनी कुमार सिंह ने कहा, दन्नाहार क्षेत्र में एक बस पलट गई। लगभग 20 लोग घायल हो गए। एक महिला की हालत गंभीर है और उसे सैफई रेफर कर दिया गया है। डॉक्टरों का कहना है कि उसकी हालत स्थिर है।
एसपी सिटी अरुण कुमार सिंह ने बताया कि बस लखनऊ से जयपुर जा रही थी। तेज रफ्तार के कारण बस पलट गई। बस में करीब 45 लोग सवार थे, जिनमें से 20 घायल हैं। सभी की हालत स्थिर है। एक 35 वर्षीय महिला को हायर सेंटर रेफर किया गया है।
अब तक की जानकारी के अनुसार माना जा रहा है कि बस तेज रफ्तार होने के कारण बेकाबू होकर पलट गई। रोजवेज बस कन्नौज से जयपुर जा रही थी। मैनपुरी में हुए हादसे की सूचना के बाद जनप्रतिनिधियों ने भी जिला अस्पताल पहुंचकर घायलों का हाल जाना।
