Jhansi Murder Case: एक मासूम मुस्कान के पीछे छुपा ऐसा खौफनाक राज, जिसे जानकर हर कोई दंग रह गया। दिखने में खूबसूरत और हंसमुख नजर आने वाली झांसी की पूजा जाटव की कहानी किसी क्राइम थ्रिलर से कम नहीं है। एक ऐसी महिला, जो अपने जीवन में तीन अलग-अलग पुरुषों से जुड़ी, लेकिन हर रिश्ता या तो खून-खराबे में खत्म हुआ या मौत में। पहले पति पर जानलेवा हमला, फिर लिव-इन पार्टनर की रहस्यमयी एक्सीडेंट में मौत, और अब सास की हत्या में खुद बहन और बॉयफ्रेंड के साथ जेल की सलाखों के पीछे।
यह कहानी सिर्फ एक हत्या की नहीं, बल्कि एक सिलसिलेवार साजिशों, रिश्तों के छलावे और लालच की दास्तान है। पूजा पर आरोप है कि उसने अपनी बहन और उसके प्रेमी के साथ मिलकर सास की हत्या की प्लानिंग की और उसे अंजाम भी दिया। ग्वालियर में बैठकर उसने ऐसा ताना-बाना बुना कि ससुराल में उसकी गैरमौजूदगी में ही सास सुशीला की नींद में ही जान ले ली गई। पुलिस जांच में जैसे-जैसे परतें खुलीं, वैसे-वैसे पूजा की जिंदगी के कई काले राज सामने आए, जिसने सबको हैरान कर दिया।
बेफिक्र थी हत्या वाले दिन
पूजा, जो सोशल मीडिया पर रील बनाने की शौकीन थी, अपनी सास सुशीला की हत्या वाले दिन बिल्कुल भी परेशान नहीं थी। उसने पूरा दिन अपने फोन पर बिताया और इंस्टाग्राम पर लगातार रील देखती रही। पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि पूजा ने बेहद शातिर तरीके से इस हत्या की योजना बनाई थी, जिससे उसे यकीन था कि वह कभी पकड़ी नहीं जाएगी।
आर्म्स एक्ट का केस
पहले पति रमेश पर गोली चलवाने के मामले में उस पर पहले से ही आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज था। ऐसा कहा जा रहा है कि वह एक आपराधिक छवि वाले व्यक्ति कल्याण के साथ रहकर अपराध की बारीकियां सीख चुकी थी। इसी अनुभव के चलते वह बिना किसी डर के अपराध करती थी। अपनी सास की हत्या भी उसने इतने सुनियोजित तरीके से की थी कि पुलिस को उस तक पहुंचने में काफी समय लग गया।
