क्राइम

Jhansi Crime News: पूजा जाटव की कहानी के आगे सब फेल, क्राइम कुंडली के ट्विस्ट किसी वेब सीरीज से कम नहीं

झांसी की पूजा जाटव की कहानी किसी थ्रिलर फिल्म जैसी है। पति पर हमला, लिव-इन पार्टनर की संदिग्ध मौत, जेठ से संबंध और सास की हत्या तक उसके कारनामे हैरान कर देते हैं। बहन के साथ मिलकर सास की हत्या के बाद वह जेल की हवा खा रही है।

Image

सास की हत्या के मामले में पूजा को हुई जेल

Photo : Twitter

कहानी झांसी की एक महिला पूजा जाटव और उसकी करतूतों की है। लेकिन यह किसी फिल्मी प्लॉट से कम नहीं है। पूजा के कारनामे किसी साइको थ्रिलर फिल्म की तरह हैं। जिसने भी पूजा के कारनामों के बारे में सुना वह भौचक्का रह गया। चलिए जानते हैं आखिर पूजा ने ऐसा क्या किया है कि लोग उसका नाम सुनकर ही डर जाते हैं।

केस-1: पति पर जानलेवा हमला, जेल की सजा

पूजा की शादी झांसी के ही एक रेलकर्मी से हुई थी। कुछ ही समय बाद पति पूजा के चाल चलने से नाराज रहने लगा और घर में आए दिन कलह होने लगी। इसी कहल के बीच पूजा ने एक दिन पति पर जानलेवा हमला कर दिया। पति पर जानलेवा हमला करने के आरोप में पूजा को जेल हो गई।

केस-2: लिव-इन में रही, पार्टनर की सड़क हादसे में संदिग्ध मौत

जेल से बाहर आने के बाद मुकदमे के सिलसिले में पूजा का कचहरी आना-जाना लगा रहा। इसी दौरान पूजा की मुलाकात अपराधी किस्म के एक शख्स कल्याण राजपूत से हुई। दोनों में दोस्ती हुई और धीरे-धीरे में प्यार में बदल गई। फिर दोनों लिव-इन में रहने लगे। दोनों पति-पत्नी की तरह साथ रह रहे थे और घर वालों ने भी उन्हें पति-पत्नी मान लिया था। दोनों को साथ रहते एक साल भी नहीं हुआ था कि कल्याण की एक सड़क हादसे में मौत हो गई।

केस-3: पति के बड़े भाई के साथ संबंध, बेटी भी हुई

कल्याण की मौत के बाद उसके पिता अजय राजपूत तरस खाकर पूजा को अपने गांव कुमहरिया ले आए और उसे अपने घर में रहने की जगह दी। इस बीच मृतक कल्याण के शादीशुदा बड़े भाई संतोष के साथ पूजा के संबंध हो गए और उसकी एक बेटी भी हुई। संतोष की पत्नी रागिनी ने भी मजबूरी का रिश्ता समझकर पूजा को सौतन के रूप में स्वीकर कर लिया।

संतोष का झुकाव भी अब पूजा की तरफ ज्यादा रहने लगा, जो उसकी पत्नी रागिनी को खलने लगा। पूजा की चाहत थी कि कल्याण के हिस्से की आठ एकड़ जमीन को बेचकर वह ग्वालियर शिफ्ट हो जाए। इस बात को लेकर घर में झगड़ा हुआ तो संतोष की पत्नी रागिनी मायके चली गई और पूजा अपने घर ग्वालियर के लिए चल पड़ी। कल्याण के नाम की जमीन बेचने में उसकी मां सुशीला ही सबसे बड़ा रोड़ा थीं। वह नहीं चाहती थीं कि जमीन बेची जाए।

केस-4: कामिनी की एंट्री और सास का मर्डर

ग्वालियर में पूजा की बहन कमला उर्फ कामिनी भी रहती है। कामिनी आर्थिक रूप से परेशान थी। अब पूजा के दिमाग में एक और प्लान चलने लगा, जिससे कामिनी की आर्थिक तंगी भी दूर हो जाए और उसके रास्ते में कांटा बनी सास सुशीला भी रास्ते से हट जाए। इसी साजिश के तहत पूजा ने 22 जून को बेटी के बर्थडे के बहाने ससुर अजय व पति संतोष राजपूत को ग्वालियर बुला लिया। दोनों एक दिन वहीं रुके। 23 जून की रात को जब पूजा का पति संतोश और ससुर अजय ग्वालियर में सो रहे थे, तभी कामिनी और उसका प्रेमी अनिल वर्मा बाइक से सुबह पांच बजे गांव पहुंच गए। यहां पहुंचकर उन्होंने सुशीला को नींद गोली की हैवी डोज दे दी, जिससे वह बेहोश हो गई। फिर वह सुशीला के कमरे में रखे जेवर न नगदी लेकर फरार हो गए। बाद में सुशीला की मौत भी हो गई।

फिर जेल पहुंचीं पूजा, साथ में कामिनी भी

इस मामले में जब पुलिस ने गहराई से जांच-पड़ता की तो मामला सास, बहु और साजिश का निकला। पुलिस ने पूजा, उसकी बहन कामिनी और कामिनी के बॉयफ्रेंड अनिल वर्मा को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया है। इस बीच बता दें कि आरोप है कि पूजा की अपने ससुर अजय राजपूत के साथ भी नजदीकियां थीं। हालांकि, पत्नी की मौत के बाद अब पूजा के ससुर अजय राजपूत चाहते हैं कि पूजा, उसकी बहन कामिनी और कामिनी के प्रेमी को फांसी की सजा हो।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article