लखनऊ

AC यूनिट में शॉर्ट सर्किट से भड़की आग, कुछ ही पलों में धधक उठी एम्बुलेंस; गोरखपुर-कुशीनगर फोरलेन पर मचा हड़कंप

गोरखपुर-कुशीनगर फोरलेन पर रविवार दोपहर एक एम्बुलेंस में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। बताया गया कि एसी यूनिट में शॉर्ट सर्किट के कारण आग भड़की, जो कुछ ही देर में पूरी एम्बुलेंस में फैल गई। हालांकि चालक की सतर्कता से मरीज और अन्य लोगों को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

Image

गोरखपुर कुशीनगर फोरलेन पर एम्बुलेंस में आग लग गई (AI Image)

Gorakhpur Kushinagar Four Lane Ambulance Fire: गोरखपुर-कुशीनगर फोरलेन पर उस समय अफरातफरी मच गई जब सोनबरसा ओवरब्रिज पर रविवार को एक एम्बुलेंस में अचानक आग लग गई। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, वाहन के एसी सिस्टम में शॉर्ट सर्किट होने से आग भड़की, जो तेजी से पूरी एम्बुलेंस में फैल गई। थोड़ी ही देर में सीएनजी टैंक में विस्फोट हो गया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घटना के चलते राजमार्ग पर करीब एक घंटे तक यातायात ठप रहा।

बताया जा रहा है कि यह हादसा रविवार दोपहर लगभग तीन बजे हुआ, जब वाराणसी निवासी चालक संतोष कुमार अपनी एम्बुलेंस से बिहार के चंपारण की मरीज नीलम देवी को अस्पताल से घर ले जा रहा था। इसी समय सोनबरसा ओवरब्रिज के पास अचानक एसी यूनिट से चिंगारियां निकलने लगीं। थोड़े ही पल में हाल यह हुआ कि एम्बुलेंस में आग लग गई। ऐसे में चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत एम्बुलेंस रोक दी और स्थानीय लोगों की मदद से मरीज सहित दो अन्य लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इससे एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया।

दमकल विभाग की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं

पुलिस के अनुसार, आग लगने के कुछ समय बाद एम्बुलेंस का सीएनजी टैंक फट गया, जिससे आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया और यातायात बाधित हो गया। सूचना मिलते ही एम्स थाने के प्रभारी निरीक्षक संजय मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस बल और दमकल विभाग की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। करीब आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया गया और वाहन को सड़क से हटाकर यातायात फिर से शुरू कराया गया। अपर पुलिस अधीक्षक (नगर) अभिनव त्यागी ने बताया कि इस हादसे में कोई घायल नहीं हुआ। मरीज और उसके परिजन दूसरी गाड़ी से अपने गंतव्य के लिए रवाना हो गए। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण एसी यूनिट में शॉर्ट सर्किट बताया गया है।

(इनपुट - भाषा)

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article