लखनऊ के ताज होटल में मंगलवार का दिन समाजवादी पार्टी (SP) के लिए बेहद यादगार रहा। मौका था सपा सांसद इकरा हसन के जन्मदिन का, जहां पार्टी के शीर्ष नेता और सांसदों ने मिलकर इस दिन को बेहद खास बना दिया। इस कार्यक्रम की तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं।
अखिलेश यादव का दिल जीतने वाला अंदाज
इंडी गठबंधन के उपराष्ट्रपति पद के उम्मीदवार बी. सुदर्शन रेडी के लखनऊ दौरे के बीच यह जश्न सपा नेताओं की आपसी आत्मीयता का नजारा पेश कर रहा था। बैठक के दौरान अचानक एक वेटर जब केक लेकर सामने आया, तो पूरा हॉल 'हैप्पी बर्थडे' की गूंज से भर गया। इकरा हसन इस सरप्राइज से भावुक हो उठीं, और उनके चेहरे पर खुशी साफ झलक रही थी।
डिंपल यादव ने काटा केक, अखिलेश ने दिया 100 रुपये का गिफ्ट
जन्मदिन का सबसे यादगार पल तब आया जब सपा सांसद डिंपल यादव ने आगे बढ़कर इकरा हसन के साथ केक काटा। तालियों की गड़गड़ाहट और ठहाकों के बीच माहौल और भी खुशनुमा हो गया। इसी दौरान अखिलेश यादव ने हंसी-खुशी के अंदाज में अपनी जेब से 100 रुपये का नोट निकालकर इकरा को जन्मदिन का गिफ्ट दिया। उनका यह सहज अंदाज देखकर पूरा हॉल ठहाकों से गूंज उठा।
इकरा हसन का आभार संदेश
इस खास लम्हे से अभिभूत इकरा हसन ने सोशल मीडिया पर अपनी भावनाएं साझा करते हुए लिखा- 'आज मेरे जन्मदिवस के अवसर पर लखनऊ में अखिलेश यादव जी और पार्टी के सांसदों से मिला स्नेह और आशीर्वाद मेरी सबसे बड़ी पूंजी है। यह विश्वास मुझे समाज और जनता की सेवा के लिए और अधिक समर्पण की प्रेरणा देता है।'
पार्टी की आत्मीयता बनी चर्चा का विषय
यह छोटा सा आयोजन न सिर्फ इकरा हसन के जन्मदिन को यादगार बना गया, बल्कि सपा नेताओं के बीच आपसी भाईचारे और आत्मीयता का भी परिचायक रहा। जया बच्चन, डिंपल यादव, राजीव राय, प्रिया सरोज, जियाउर्रहमान बर्क और धमेन्द्र यादव जैसे दिग्गजों की मौजूदगी ने इसे और खास बना दिया।
