लखनऊ

Lucknow News: 40 साल तक मकान मालकिन को कटवाए कचहरी के चक्कर, हाईकोर्ट ने किराएदार पर लगाया 15 लाख का जुर्माना

Lucknow News: इलाहाबाद हाईकोर्ट की लखनऊ बेंच ने 40 साल पुरानी कानूनी लड़ाई में किराएदार पर 15 लाख का हर्जाना लगाया है। 1981 से कोर्ट में लटके मामले पर अब इलाहाबाद हाईकोर्ट ने अपना फैसला दिया और कहा कि मुकदमों के कारण एक पूरी पीढ़ी अपने अधिकारों से वंचित हो गई।

Image

हाई कोर्ट ने किराएदार पर मकान को मुकदमे में फंसाए रखने के लिए लगाया जुर्माना

Photo : Twitter

Lucknow News: इलाहाबाद हाईकोर्ट की लखनऊ बेंच ने एक मकान को चार दशकों से मुकदमे में उलझाए रखने के लिए किराएदार पर 15 लाख रुपए का हर्जाना लगाया है। कोर्ट ने ये भी कहा कि मुकदमों के चलते एक पूरी पीढ़ी को उसके अधिकारों से वंचित कर दिया गया है। उच्च न्यायालय ने करीब चार दशक पुरानी याचिका को निस्तारित करते हुए, जिलाधिकारी लखनऊ को निर्देशित किया है कि 2 महीने में हर्जाना नहीं दिया जाता है तो उसे वसूल किया जाए।

40 साल से फंसा था मामला

यह मामला लखनऊ के फैजाबाद रोड स्थित एक प्रॉपर्टी से जुड़ा है। जहां एक किराएदार ने 1979 से 1981 तक अपने मकान का किराया नहीं दिया और जब संपत्ति की मालकिन ने संपत्ति खाली करने को कहा तो उन्हें मुकदमें में पेंच में फंसा दिया। साल 1982 में संपत्ति की मालकिन कस्तूरी देवी ने प्राधिकारी के सामने रिलीज याचिका दाखिल की, जिसके बाद 1992 में यह मामला हाईकोर्ट पहुंच गया।

दो महीने के भीतर भरना होगा जुर्माना

न्यायमूर्ति पंकज भाटिया की एकल पीठ ने किराएदार वोहरा ब्रदर्स की याचिका खारिज करते हुए उनपर 15 लाख रुपए का जुर्माना लगाया और कहा कि करीब 40 सालों तक एक पूरी पीढ़ी को अधिकारों से वंचित कर दिया गया। कोर्ट ने जिलाधिकारी लखनऊ को ये निर्देश भी दिया कि यदि हर्जाने की रकम 2 महीने में जमा नहीं की जाती है, तो उसकी वसूली की जाए।

मकान पर कब्जे की थी नीयत

साल 1982 में कस्तूरी देवी ने अपने बेटे को व्यवसाय शुरू कराने के लिए संपत्ति को खाली करने के लिए याचिका दी। तब प्रॉपर्टी का किराया 187 रुपए होता था। उस समय वोहरा ब्रदर्स ने न केवल संपत्ति को खाली करने से इनकार किया, बल्कि किराया भी नहीं दिया। मकान पर अवैध कब्जा कराने की नीयत से किराएदार ने मुकदमेबाजी शुरू कर दी। लगभग चार दशक तक चले इस मुकदमे के बाद इलाहाबाद हाईकोर्ट की लखनऊ बेंच ने मकान को चार दशकों से मुकदमे में उलझाए रखने पर किराएदार वोहरा ब्रदर्स पर 15 लाख रुपए का हर्जाना लगाया।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article