शहर

'साड़ी क्यों नहीं लाए?' जरा सी बात पर फूटा पत्नी का गुस्सा, पहले कुकर के ढक्कन से हमला, फिर गला दबाकर पति को मार डाला

Maharashtra Crime: महाराष्ट्र के ठाणे जिले के बदलापुर में साड़ी न खरीदकर लाने पर हुए घरेलू विवाद में एक 30 वर्षीय महिला ने अपने पति की कुकर के ढक्कन से पिटाई की और गला दबाकर हत्या कर दी। महिला ने शुरुआत में इसे एक हादसा बताकर पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन अस्पताल की मेडिकल रिपोर्ट में गला घोंटने की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने आरोपी पत्नी को गिरफ्तार कर लिया।

Image

साड़ी न लाने पर खौफनाक वारदात (एआई इमेज)

Maharashtra Crime: महाराष्ट्र के ठाणे जिले से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। बदलापुर इलाके में महज एक साड़ी न लाने को लेकर हुए मामूली घरेलू विवाद ने इतना हिंसक रूप ले लिया कि पत्नी ने कुकर के ढक्कन से अपने ही पति पर हमला कर दिया और फिर गला दबाकर उसकी हत्या (Saree Dispute Murder) कर दी। वारदात के बाद आरोपी महिला ने इसे हादसा साबित करने की पूरी कोशिश की, लेकिन मेडिकल रिपोर्ट ने उसकी पोल खोल दी। पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, बिहार के रोहतास जिले की रहने वाली आरोपी सुनीता देवी (30 वर्ष) और उसके पति हरेराम किशुनजी सिंह (35 वर्ष) बदलापुर पूर्व इलाके में रहते थे। बीती 19 जुलाई को घर पर साड़ी न लाने को लेकर दोनों के बीच बहस शुरू हो गई थी। बात इतनी बढ़ गई कि गुस्से में आकर सुनीता देवी ने रसोई में रखा प्रेशर कुकर का ढक्कन उठाया और पति पर दे मारा। इसके बाद उसने गला दबाकर हरेराम की हत्या कर दी।

पुलिस को बताया मौत का कारण हादसा

शुरुआत में आरोपी पत्नी ने बेहद चालाकी से पुलिस को यह कहकर गुमराह करने का प्रयास किया कि उसके पति की मौत किसी हादसे की वजह से हुई है। पुलिस ने उसके बयान के आधार पर दुर्घटनावश मौत का मामला दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए सरकारी अस्पताल भेज दिया।

हालांकि, जब अस्पताल से पोस्टमार्टम और मेडिकल रिपोर्ट आई, तो मामला पूरी तरह पलट गया।

डॉक्टरों की रिपोर्ट ने खोला मौत का राज

बदलापुर पूर्व थाने के वरिष्ठ निरीक्षक नितिन पाटिल ने बताया कि डॉक्टरों की रिपोर्ट में स्पष्ट हुआ कि मौत प्राकृतिक नहीं थी, बल्कि दम घुटने और गला दबाने से हुई थी। इसके बाद जब पुलिस ने मृतक के रिश्तेदारों और मकान मालिक से सख्ती से पूछताछ की, तो पत्नी पर शक पक्का हो गया। कड़ाई से पूछताछ में सच सामने आ गया, जिसके बाद पुलिस ने आरोपी सुनीता देवी को गिरफ्तार कर लिया। स्थानीय अदालत ने उसे 29 जुलाई तक पुलिस हिरासत में भेज दिया है।

monu jha
मोनू झाauthor

मोनू कुमार टाइम्स नाउ नवभारत की डिजिटल टीम में वायरल और ट्रेंडिंग डेस्क पर काम कर रहे हैं। न्यूजरूम में 4 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले मोनू वायरल कंटेंट, ऑफबीट खबरों और सोशल मीडिया ट्रेंड्स को पहचानने में बेहद दक्ष हैं। यूनीक एंगल तलाशने और कहानियों को आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत करने की उनकी क्षमता उन्हें डिजिटल कंटेंट स्पेस में अलग पहचान देती है। मोनू कुमार 4,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं, जिनमें कई वायरल रिपोर्ट्स, ट्रेंड-बेस्ड अपडेट्स और सोशल मीडिया-फोकस्ड कंटेंट शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article