Virdas Morning Diet: फेमस स्टैंड अप कॉमेडियन और अभिनेता वीर दास अपने दिन की शुरुआत डबल एस्प्रेसो और पीनट बटर के साथ करते हैं। हाल ही में उन्होंने अपनी मॉर्निंग रूटीन शेयर की, जिसमें उन्होंने बताया कि सुबह 5:30 बजे उठने के बाद वह जर्नल लिखते हैं, डबल एस्प्रेसो के साथ पीनट बटर खाते हैं और फिर करीब आधे घंटे तक टहलते हैं। इसके बाद ही वह अपना बाकी काम शुरू करते हैं।
यहां सवाल ये है कि क्या खाली पेट कॉफी और पीनट बटर का यह कॉम्बिनेशन सचमुच सेहत के लिए अच्छा है, या फिर यह सिर्फ एक सेलिब्रिटी रूटीन है जिसे हर किसी को फॉलो नहीं करना चाहिए?
क्यों पसंद किया जाता है यह कॉम्बिनेशन?
डाइटिशियन्स और हेल्थ एक्सपर्ट्स की मानें तो इस रूटीन में कुछ सकारात्मक बातें जरूर हैं। कॉफी में मौजूद कैफीन दिमाग को सतर्क बनाती है और एकाग्रता बढ़ाने में मदद करती है। वहीं पीनट बटर में हेल्दी फैट और थोड़ी मात्रा में प्रोटीन होता है, जो कैफीन के असर को थोड़ा संतुलित कर सकता है। इससे शरीर को केवल कॉफी पीने की तुलना में अधिक स्थिर ऊर्जा मिल सकती है। अगर इसके बाद थोड़ी देर की वॉक की जाए, तो ब्लड सर्कुलेशन बेहतर होता है और शरीर दिन की शुरुआत के लिए तैयार हो जाता है।
क्या ये हर किसी के लिए सही है?
एक्सपर्ट्स चेतावनी देते हैं कि यह रूटीन हर किसी के लिए उपयुक्त नहीं है। उनके मुताबकि खाली पेट डबल एस्प्रेसो पीने से एसिडिटी, सीने में जलन, घबराहट या दिल की धड़कन तेज होने जैसी समस्याएं हो सकती हैं। खासकर जिन लोगों को पहले से गैस्ट्राइटिस, एसिड रिफ्लक्स, हाई ब्लड प्रेशर, एंग्जायटी या कैफीन से संवेदनशीलता है, उन्हें ऐसी आदत अपनाने से पहले सावधानी बरतनी चाहिए।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: जानें ब्रेन को रीसेट करने के आसान तरीके
पीनट बटर पूरा नाश्ता नहीं है
पीनट बटर पौष्टिक जरूर है, लेकिन इसे संपूर्ण नाश्ता नहीं माना जा सकता। इसमें हेल्दी फैट तो भरपूर होता है, लेकिन शरीर को सुबह जिस मात्रा में प्रोटीन, फाइबर, विटामिन और मिनरल्स की जरूरत होती है, वह अकेले पीनट बटर से पूरी नहीं होती। इसलिए इसे नाश्ते का विकल्प नहीं, बल्कि प्री-ब्रेकफास्ट स्नैक माना जा सकता है।
इसके बाद क्या खाना चाहिए?
पोषण विशेषज्ञ सलाह देते हैं कि कॉफी और पीनट बटर लेने के एक-दो घंटे के भीतर संतुलित नाश्ता जरूर करें। इसमें शामिल हो सकते हैं:
- अंडा और होल ग्रेन टोस्ट
- अंकुरित दाल के साथ वेजिटेबल पोहा
- ग्रीक योगर्ट, फल और मेवे
- ओट्स के साथ दूध और ताजे फल
ऐसा नाश्ता शरीर को लंबे समय तक ऊर्जा देता है और ब्लड शुगर को भी संतुलित रखने में मदद करता है।
पानी पीना न भूलें
कई लोग सुबह उठते ही सीधे कॉफी पी लेते हैं, लेकिन विशेषज्ञों का मानना है कि सबसे पहले एक गिलास पानी पीना ज्यादा फायदेमंद होता है। रातभर की नींद के बाद शरीर में पानी की कमी हो जाती है। पानी पीने से शरीर हाइड्रेट होता है और पाचन तंत्र भी बेहतर तरीके से काम करता है। उसके बाद कॉफी पीना अधिक उपयुक्त माना जाता है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: 57 में भी 27 की नजर आती हैं मधू, ऐसी है डाइट
क्या आपको भी अपनानी चाहिए वीर दास का यह रूटीन?
अगर आप पूरी तरह स्वस्थ हैं, कैफीन से कोई परेशानी नहीं होती और दिन में संतुलित भोजन करते हैं, तो सीमित मात्रा में पीनट बटर और कॉफी का यह कॉम्बिनेशन नुकसानदायक नहीं माना जाता। लेकिन इसे किसी जादुई फिटनेस फॉर्मूले की तरह अपनाना भी सही नहीं होगा।
हर व्यक्ति की उम्र, स्वास्थ्य, जीवनशैली और पोषण संबंधी जरूरतें अलग होती हैं। इसलिए किसी भी सेलिब्रिटी की डाइट या मॉर्निंग रूटीन अपनाने से पहले यह समझना जरूरी है कि वह आपके शरीर के लिए भी उतनी ही उपयुक्त है या नहीं।
