क्रिकेट

टेस्ट सीरीज के लिए ऑस्ट्रेलिया टीम का ऐलान, पैट कमिंस-हेजलवुड और दिग्गज स्पिनर की हुई वापसी

बांग्लादेश के खिलाफ टेस्ट सीरीज के लिए ऑस्ट्रेलिया ने 13 सदस्यीय टीम का ऐलान कर दिया है। कप्तान पैट कमिंस, जोश हेजलवुड और स्पिनर नाथन लियोन की वापसी हुई है। तीनों ही खिलाड़ी चोट के चलते लंबे समय से टीम से बाहर थे। वहीं, कैमरन ग्रीन को नंबर-5 पर खेलने का मौका मिल सकता है।

Image

बांग्लादेश के खिलाफ टेस्ट सीरीज के लिए ऑस्ट्रेलिया टीम का ऐलान। फोटो- AP

स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। ऑस्ट्रेलिया ने बांग्लादेश के खिलाफ अगस्त में होने वाली दो मैचों की टेस्ट सीरीज के लिए अपनी 13 सदस्यीय टीम का ऐलान कर दिया है। इस सीरीज के दोनों मैच ऑस्ट्रेलिया के डार्विन और मैके में खेले जाएंगे। कप्तान पैट कमिंस, तेज गेंदबाज जोश हेजलवुड और अनुभवी स्पिनर नाथन लियोन की टीम में वापसी हुई है।

ये तीनों खिलाड़ी चोट के कारण सिडनी टेस्ट में नहीं खेल पाए थे। इनकी वापसी की वजह से पिछले एशेज में बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले माइकल नेसर को टीम से बाहर होना पड़ा है। हालांकि, माइकल नेसर, टोड मर्फी और ब्रेंडन डॉगेट को रिजर्व प्लेयर के रूप में टीम के साथ जोड़ा गया है।

कैमरन ग्रीन को मिल सकता है प्रमोशन

उस्मान ख्वाजा के संन्यास के बाद ऑस्ट्रेलिया की टेस्ट टीम में नंबर-5 पर अभी तक किसी को मौका नहीं दिया गया है। संभावना है कि कैमरन ग्रीन को नंबर 5 पर बल्लेबाजी के लिए प्रमोट किया जाएगा। जैक वेदराल्ड और ट्रेविस हेड की जोड़ी ही ओपन करेगी। मार्नस लाबुशेन तीसरे और स्टीव स्मिथ चौथे नंबर पर खेलते हुए दिखाई देंगे।

बोलैंड ने की है घातक गेंदबाजी

जोश हेजलवुड की वापसी से कप्तान कमिंस के लिए प्लेइंग इलेवन का चयन करना मुश्किल होगा। क्योंकि, स्कॉट बोलैंड और मिचेल स्टार्क दोनों ही बेहतरीन फॉर्म में हैं। 37 साल के बोलैंड की फिटनेस भी शानदार रही है। उन्होंने अभी तक चोट की वजह से काफी कम मैच मिस किए हैं। उन्होंने 19 मैचों में 18.58 की औसत से 82 टेस्ट विकेट चटकाए हैं।

हेजलवुड हैमस्ट्रिंग की चोट के कारण पिछली बार एशेज सीरीज नहीं खेल पाए थे। कप्तान कमिंस भी पीठ की समस्या की वजह से पिछले एक साल में काफी कम मैच खेल सके हैं। कमिंस ने पिछले जुलाई से लेकर अब तक ऑस्ट्रेलिया के लिए अब तक सिर्फ एक टेस्ट मैच खेला है। जबकि नाथन लियोन एडिलेड में हैमस्ट्रिंग की सर्जरी के बाद वापसी कर रहे हैं।

बांग्लादेश टेस्ट सीरीज के लिए ऑस्ट्रेलिया का स्क्वॉड:

पैट कमिंस (कप्तान), स्कॉट बोलैंड, एलेक्स कैरी, कैमरन ग्रीन, जोश हेजलवुड, ट्रेविस हेड, जोश इंगलिस, मार्नस लाबुशेन, नाथन लियोन, स्टीव स्मिथ, मिचेल स्टार्क, जेक वेदरल्ड, ब्यू वेबस्टर

Umesh Kumar
उमेश कुमारauthor

उमेश कुमार पत्रकारिता में पिछले 7 वर्षों से सक्रिय हैं। उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से करने के बाद उन्होंने डिजिटल मीडिया में बतौर स्पोर्ट्स राइटर अपनी मजबूत पहचान बनाई। उमेश ने अमर उजाला (प्रिंट), ईटीवी भारत (हैदराबाद), दैनिक भास्कर और दैनिक जागरण जैसे संस्थानों के साथ काम किया है। उमेश ने क्रिकेट की कई बायलेटरल सीरीज, आईपीएल, वर्ल्ड कप, प्रो कबड्डी लीग, फीफा वर्ल्ड कप, हॉकी वर्ल्ड कप और ओलंपिक जैसे बड़े राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। खेलों की गहरी समझ और डेटा-ड्रिवन स्टोरीटेलिंग उनकी लेखनी की खासियत है।

और पढ़ें
End of Article