अगर आप बिल्लियों को पसंद करते हैं, तो शायद आपने पर्शियन, बंगाल या मेन कून जैसी नस्लों के बारे में सुना होगा। लेकिन क्या आपने कभी बिल्ली के ऐसे नस्ल के बारे में सुना है, जो देखने में किसी चीते की तरह लगती हो। इसकी लंबी टांगें, बड़े कान और शरीर पर बने काले धब्बे इसे बिल्कुल किसी चीते की तरह बनाते हैं। यह दुनिया की सबसे अनोखी और सबसे महंगी पालतू बिल्लियों में गिनी जाती है।
हम जिस बिल्ली के नस्ल की बात कर रहे हैं, वह कोई आम बिल्ली नहीं, बल्कि अफ्रीका में पाए जाने वाले जंगली सर्वल (Serval) और घरेलू बिल्ली की क्रॉसब्रीड है। जिसे सवाना बिल्ली (Savannah Cat) कहते हैं। इस बिल्ली का शरीर दूसरी बिल्लियों से काफी अलग और आकर्षक दिखाई देता है।
सवाना बिल्ली (Savannah Cat) का शरीर लंबा और पतला होता है। इसके कान बड़े होते हैं और पूरे शरीर पर काले धब्बे बने होते हैं। दूर से देखने पर यह किसी चीते की तरह ही लगती है। अगर कोई इसे अचानक से देख लो तो वह इस बिल्ली को चीता ही समझ बैठेगा। मगर यह कोई चीता नहीं बल्कि एक बिल्ली है।
इस बिल्ली की सबसे बड़ी खासियत इसकी छलांग लगाने की ताकत है। यह बिना ज्यादा दौड़े करीब 8 फीट तक ऊंची छलांग लगा सकती है। कई बार यह घर की अलमारी, दरवाजे या ऊंची दीवार पर आसानी से चढ़ जाती है। इसकी छलांग दूसरी बिल्लियों से ज्यादा दूर तक और तेज होती है।
आपने यह भी देखा होगा कि अक्सर बिल्लियां पानी से डर जाती है या फिर ज्यादातर बिल्लियां पानी देखते ही दूर भाग जाती हैं लेकिन सवाना बिल्ली (Savannah Cat) इनसे बिल्कुल अलग है। इसे पानी में खेलना काफी पसंद होता है। कुछ सवाना बिल्लियां (Savannah Cats) तो तालाब या स्विमिंग पूल के किनारे भी आराम से खेलती नजर आती हैं।
वैसे तो बिल्ली और कुत्ते को एक दूसरे का जानी दुश्मन माना जाता है। आम बिल्लियां कुत्तों से बहुत डरती हैं लेकिन यह बिल्ली कुत्तों की तरह अपने मालिक के साथ घूमना पसंद करती है। कई लोग इसे पट्टा लगाकर पार्क में टहलाने भी ले जाते हैं। इतना ही नहीं, इसे गेंद लाकर देना और कई आसान ट्रिक्स भी सिखाई जा सकती हैं। यानी इस बिल्ली में सारे गुम किसी कुत्ते के ही हैं।
सवाना बिल्ली (Savannah Cat) काफी तेज दौड़ सकती है। इसकी फुर्ती इतनी शानदार होती है कि यह कुछ ही सेकंड में लंबी दूरी तय कर लेती है। इस बिल्ली को हर जगह पालना आसान नहीं है। इसे हर देश में पालने की अनुमति नहीं है। कुछ देशों और राज्यों में इसे पालने के लिए विशेष अनुमति लेनी पड़ती है, जबकि कुछ जगहों पर इस नस्ल पर पूरी तरह रोक भी लगी हुई है।
सवाना बिल्ली (Savannah Cat) की कीमत लाखों रुपये में होती है। इसकी शुरुआती कीमत करीब 2 लाख रुपये से शुरू होकर 20 लाख रुपये या उससे भी ज्यादा हो सकती है। इसकी कीमत इस बात पर भी निर्भर करती है कि उसमें जंगली सर्वल का डीएनए कितना है।