शहर

गुजरात में दर्दनाक हादसा: खंभालिया-जामनगर हाईवे पर ट्रक से भिड़ी पिकअप, 14 साल के किशोर समेत 2 की मौत

Gujarat Road Accident: गुजरात के खंभालिया-जामनगर हाईवे पर आराधना धाम के पास सोमवार तड़के एक भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार पिकअप वैन पीछे से ट्रक में जा घुसी, जिससे 14 वर्षीय किशोर समेत दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।

Image

खंभालिया के पास भीषण सड़क हादसा (प्रतीकात्मक फोटो)

Photo : iStock

Gujarat Road Accident: गुजरात के देवभूमि द्वारका जिले से गुजरने वाले खंभालिया-जामनगर हाईवे (Kambhalia Jamnagar Highway) पर सोमवार तड़के एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। आराधना धाम के पास तड़के करीब साढ़े तीन बजे एक तेज रफ्तार पिकअप वैन अनियंत्रित होकर आगे चल रहे ट्रक में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पिकअप वैन का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया और उसमें सवार लोग अंदर ही बुरी तरह फंस गए।

इस भयानक दुर्घटना में 14 वर्षीय अर्जुन खेमलाल महिलांग और कमलेश गुड्डू की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। दोनों को गंभीर चोटें आई थीं। वहीं पिकअप वैन चला रहे कौशिकभाई परमार गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तुरंत खंभालिया के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। हादसे की सूचना मिलते ही 108 एम्बुलेंस और फायर ब्रिगेड की टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची।

काफी मशक्कत के बाद शवों को निकाला बाहर

वैन के बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो जाने के कारण उसमें फंसे शवों को निकालना बेहद मुश्किल था। फायर कर्मियों ने हाइड्रोलिक कटर का इस्तेमाल करके गाड़ी के पतरे को काटा और काफी मशक्कत के बाद शवों को बाहर निकाला। यह राहत और बचाव कार्य करीब दो घंटे तक चला। घटना के बाद स्थानीय खंभालिया पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पंचनामा तैयार किया और कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है।

पुलिस मामले की जांच में जुटी

पुलिस की शुरुआती जांच के मुताबिक, हादसा पिकअप वैन के पीछे से ट्रक में टकराने के कारण हुआ। फिलहाल पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है ताकि दुर्घटना की सही वजह का पता चल सके। इस अचानक हुई त्रासदी से मृतकों के परिवारों में मातम छा गया है।

Dhruv Sanchania
ध्रुव संचानियाauthor

ध्रुव संचानिया गुजरात में टाइम्स नेटवर्क के सीनियर जर्नलिस्ट और ब्यूरो चीफ के पद पर कार्यरत हैं। ध्रुव ने प्रिंट, रेडियो, डिजिटल और टीवी पर शानदार काम किया है। क्राइम, इन्वेस्टिगेशन से लेकर इंसानी कहानियों तक में उनका काम गहराई से भरा होता है। जब वह हेडलाइन के पीछे नहीं भाग रहे होते तो वह सड़कों, सिनेमा और अगली छिपी हुई कहानी के पीछे भाग रहे होते हैं। उनका काम ऐसा है जो उन्हें अलग ला खड़ा करता है।

और पढ़ें
End of Article