देश

प्रधानमंत्री इस्तीफा क्यों दें? वे दुनिया के सबसे लोकप्रिय नेता हैं- कंगना का राहुल गांधी पर हमला, अखिलेश बोले- सरकार डरी हुई है

नीट पेपर लीक केस में सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच जुबानी जंग तेज हो गई है। बीजेपी इस्तीफे के लिए तैयार नहीं दिख रही है, जबकि विपक्ष इस्तीफे की मांग पर अड़ा है।

Image

बीजेपी सांसद कंगना रानौत और सपा प्रमुख अखिलेश यादव (फोटो- kangana_ranautdaily and PTI)

नीट पेपर लीक और छात्रों पर हुए लाठीचार्ज को लेकर सरकार और विपक्ष आमने सामने हैं। दोनों ओर से नेता आमने-सामने हैं और आरोप-प्रत्यारोप लगा रहे हैं। नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी एक ओर जहां शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान, गृह मंत्री अमित शाह और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का इस्तीफा मांग रहे हैं, वहीं बीजेपी किसी भी इस्तीफे के लिए तैयार नहीं है। बीजेपी सांसद कंगना रानौत ने राहुल गांधी पर हमला बोलते हुए कहा कि प्रधानमंत्री क्यों इस्तीफा दें, वो दुनिया के सबसे लोकप्रिय नेता हैं।

क्या बोली कंगना?

राहुल गांधी के नेतृत्व में कल हुए कांग्रेस के प्रदर्शन पर भाजपा सांसद कंगना रनौत ने कहा, कल एक बहुत बड़ी सुरक्षा चूक हुई। राहुल गांधी ने पूरी कोशिश की कि प्रदर्शनकारियों को प्रधानमंत्री आवास की ओर ले जाया जाए। जब प्रदर्शन जनपथ पर हो रहा था, तो फिर राहुल गांधी उसे प्रधानमंत्री के आवास की तरफ क्यों ले जाना चाहते थे? यह देश के लिए बेहद गंभीर चिंता का विषय है। आप जानते हैं कि प्रदर्शनकारी किस तरह की धमकियां दे रहे हैं और उसके बाद राहुल गांधी ऐसा करते हैं। यह हम सभी के लिए चिंता की बात है। जहां तक NEET का सवाल है, सरकार हरसंभव प्रयास कर रही है। प्रधानमंत्री इस्तीफा क्यों दें? वे दुनिया के सबसे लोकप्रिय नेता हैं।

रविशंकर प्रसाद ने भी घेरा

कांग्रेस के प्रदर्शन पर भाजपा सांसद रविशंकर प्रसाद ने कहा, "...सिर्फ अपनी 'नेतागिरी' चमकाने के लिए राहुल गांधी ने ऐसा किया। क्या कांग्रेस शासित राज्यों में पेपर लीक नहीं होते थे? क्या हमें आपको एक्सपोज करना चाहिए? लेकिन हमारी पॉलिटिक्स राहुल गांधी के लेवल की नहीं है। मामला स्टूडेंट्स के भविष्य से जुड़ा है। ये सब हमारे बच्चे हैं। एक्शन लेना चाहिए और सिस्टम को ठीक करना चाहिए। सरकार इस पर काम कर रही है, हम सब कर रहे हैं। राहुल गांधी, अगर आपके पास कुछ कंस्ट्रक्टिव ऑफर है, तो करें। लेकिन यह आपके पॉलिटिकल मतलब के बारे में है...आपको वोट नहीं मिलते और आप बार-बार हारते हैं। लेकिन देश पॉलिटिक्स से ऊपर है। आपका बर्ताव निंदनीय था।"

सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने सरकार को घेरा

समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा, "हमें सोचना चाहिए कि सरकार अपने मंत्री को क्यों नहीं हटा पा रही है। सरकार पर किस तरह का दबाव है? क्या मंत्री के पास सरकार के सीक्रेट्स हैं जिसकी वजह से वह उन्हें नहीं हटा पा रही है? सरकार डरी हुई है।"

कांग्रेस की मांग

कांग्रेस सासंद दीपेंद्र हुड्डा ने कहा, "जब तक धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा और जब तक शिक्षा प्रणाली में व्यापक सुधार और बदलाव पर संसद में चर्चा नहीं होगी तब तक हमारा प्रदर्शन जारी रहेगा। देश की सरकार ने बहुत बर्बरता से युवाओं की आवाज दबाने का प्रयास किया है और यह प्रयास स्वीकार नहीं किया जाएगा..."

राहुल को मिला कांग्रेस का साथ

TMC सांसद सौगत रॉय ने प्रधानमंत्री आवास के पास कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन पर कहा, "मेरा तो पूरा समर्थन है राहुल गांधी ने बहुत अच्छा किया। राहुल गांधी सबके सामने मुद्दे को लाया। धमेंद्र प्रधान का इस्तीफा और नीट पेपर लीक के बारे में जांच होनी चाहिए। हम इसका समर्थन करते हैं।"

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article