देश

धर्मेंद्र प्रधान को क्यों नहीं हटा पा रहे? अखिलेश ने सरकार से पूछा- किस बात का है डर

लोकसभा में अखिलेश यादव ने कहा, 'हमें इस बारे में जरूर सोचना चाहिए कि सरकार अपने मंत्री को क्यों नहीं हटा पा रही है। सरकार पर किस तरह का दबाव है? क्या मंत्री के पास सरकार के कुछ राज हैं जिसकी वजह से वह उन्हें नहीं हटा पा रही है? सरकार डरी हुई लग रही है।'

Image

समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव।

Akhilesh Yadav: समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को उनके पद से नहीं हटाए जाने को लेकर सरकार पर बड़ा हमला बोला। अखिलेश ने पूछा कि NEET मामले में अब तक सरकार ने प्रधान को शिक्षा मंत्री के पद से हटाया क्यों नहीं? यादव ने आरोप लगाया कि सरकार डरी हुई है। लोकसभा में अखिलेश यादव ने कहा, 'हमें इस बारे में जरूर सोचना चाहिए कि सरकार अपने मंत्री को क्यों नहीं हटा पा रही है। सरकार पर किस तरह का दबाव है? क्या मंत्री के पास सरकार के कुछ राज हैं जिसकी वजह से वह उन्हें नहीं हटा पा रही है? सरकार डरी हुई लग रही है।'

मांगे पूरी होने तक आंदोलन जारी रहेगा-धर्मेंद्र

जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे छात्रों के समर्थन में समाजवादी पार्टी के सांसद धर्मेंद्र यादव ने कहा कि छात्रों की मांगें पूरी होने तक विपक्ष का आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने कहा, 'समाजवादी पार्टी और सभी विपक्षी दल छात्रों के साथ खड़े हैं। सरकार आज ही उनकी समस्याओं का समाधान करे, तो हमारा प्रदर्शन भी आज ही समाप्त हो जाएगा। लेकिन जब तक छात्रों की समस्याएं बनी रहेंगी, जब तक वे जंतर-मंतर पर बैठे रहेंगे और सरकार के जवाब से संतुष्ट नहीं होंगे, तब तक हम सदन के भीतर और बाहर अपने-अपने तरीके से विरोध जारी रखेंगे।'

'हिटलर के रास्ते पर चल रही सरकार'

20 जुलाई को प्रदर्शनकारियों पर हुई कथित पुलिस कार्रवाई का जिक्र करते हुए धर्मेंद्र यादव ने कहा, "20 जुलाई को हजारों छात्र लाठीचार्ज का शिकार हुए... वह काला दिन था।" वहीं, सपा सांसद अवधेश प्रसाद ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार संसद में छात्रों के मुद्दे उठाने से विपक्ष को रोक रही है। उन्होंने कहा, 'कल अखिलेश यादव और पूरी समाजवादी पार्टी जंतर-मंतर पर बैठे लोगों का मुद्दा उठा रही थी। लेकिन सरकार सदन चलने नहीं दे रही है और हम अपनी मांग पर डटे रहे। अखिलेश यादव को हिरासत में लेकर काफी दूर ले जाया गया... यह सरकार हिटलर के रास्ते पर चल रही है।'

काले कपड़े पहनकर विपक्ष का प्रदर्शन

इस बीच, विपक्षी सांसदों ने संसद परिसर में काले कपड़े पहनकर सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी, समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी समेत कई विपक्षी नेता इस प्रदर्शन में शामिल रहे।

Alok Rao
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!