यूपी में अनधिकृत ई-रिक्शा के खिलाफ कार्रवाई
UP News: उत्तर प्रदेश में अनधिकृत ई-रिक्शा के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। ई-रिक्शा के खिलाफ 1 अप्रैल से 30 अप्रैल तक अभियान चलाया जाएगा। परिवहन विभाग ने बृहस्पतिवार को बताया कि इस अभियान के तहत अब तक 18,816 चालान काटे गए हैं। अभी अभियान शुरू हुए केवल 17 दिन का समय हुआ है और 13 दिन का समय बाकी है। आसार है कि आने वाले दिनों में भी कई चालान हो सकते हैं, क्योंकि यूपी के अधिकांश शहरों में अनधिकृत ई-रिक्शा चलाए जा रहे हैं। इस अभियान को लेकर समीक्षा बैठक का भी आयोजन किया गया था।
एक आधिकारिक बयान के मुताबिक, इस अभियान के 16वें दिन परिवहन आयुक्त बृजेश नारायण सिंह ने समीक्षा बैठक की जिसमें सर्वश्रेष्ठ योगदान देने वाले जिलों और न्यूनतम योगदान वाले 20 जिलों की सूची तैयार की गई है। इसमें कहा गया कि न्यूनतम प्रदर्शन वाले जिलों को कारण बताओ नोटिस भी जारी किया गया है। इस अभियान में बेहतर प्रदर्शन करने वाले जनपदों में बरेली, लखीमपुर खीरी, बलरामपुर, फिरोजाबाद, बाराबंकी, एटा, कानपुर देहात, बहराइच, चंदौली, संत रविदास नगर, चित्रकूट, गोरखपुर, अंबेडकर नगर, गाजीपुर और हमीरपुर शामिल रहे।
अभियान के नोडल अधिकारी और अपर परिवहन आयुक्त (प्रवर्तन) संजय सिंह ने बताया कि जिन जिलों में अभियान की गति धीमी रही, उनमें अमरोहा, कासगंज, मुजफ्फरनगर, रामपुर, सुलतानपुर, सिद्धार्थनगर, मऊ, इटावा, फर्रुखाबाद, बदायूं, संभल, श्रावस्ती, झांसी, संतकबीरनगर, बस्ती, शामली, महराजगंज, देवरिया, हाथरस और ललितपुर शामिल हैं जिनके परिवहन अधिकारियों को नोटिस भेजकर जवाब-तलब किया गया है।
(इनपुट - भाषा)