शहर

ग्रेटर नोएडा में बड़ा हादसा, नाव में रस्सी बांधते वक्त हिंडन नदी में गिरे दो युवक; तलाश में जुटीं रेस्क्यू टीमें

Greater Noida News: बिसरख कोतवाली क्षेत्र में शनिवार को हिंडन नदी में दर्दनाक हादसा हो गया, जहां नाव में रस्सी बांधते समय दो युवक गहरे पानी में जा गिरे। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, फायर सर्विस, एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंचीं। दोनों युवकों की तलाश के लिए नदी में लगातार रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है, लेकिन देर शाम तक उनका कोई सुराग नहीं मिल सका।

Image

दोनों युवकों की तलाश के लिए एसडीआरएफ-एनडीआरएफ का सर्च ऑपरेशन जारी

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

Greater Noida News: ग्रेटर नोएडा के बिसरख कोतवाली क्षेत्र में शनिवार को यूसुफपुर चक गांव के पास एक हादसे में दो युवक हिंडन नदी में डूब गए। बताया जा रहा है कि दोनों युवक नाव में रस्सी बांधने का काम कर रहे थे, तभी अचानक संतुलन बिगड़ने से वे नदी के गहरे पानी में गिर गए। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।

सर्च ऑपरेशन जारी

हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस और फायर सर्विस की टीमें मौके पर पहुंचीं। युवकों की तलाश के लिए एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीमों को भी बुलाया गया है। गोताखोरों की मदद से नदी में लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है, लेकिन देर शाम तक दोनों युवकों का कोई पता नहीं चल सका था।

यहां के रहने वाले हैं दोनों युवक

पुलिस के अनुसार, नदी में डूबे युवकों की पहचान 19 वर्षीय शिव राजपूत और 20 वर्षीय सौरव के रूप में हुई है। शिव राजपूत बुलंदशहर के स्याना थाना क्षेत्र के हाजीपुर गांव का रहने वाला था, जबकि सौरव खुर्जा थाना क्षेत्र के बिजलीपुर गांव का निवासी था। दोनों युवक फिलहाल बिसरख कोतवाली क्षेत्र के यूसुफपुर चक गांव में रह रहे थे।

नाव में रस्सी बांधते वक्त हुआ हादसा

जानकारी के मुताबिक, शनिवार को दोनों युवक नाव में रस्सी बांध रहे थे। इसी दौरान अचानक उनका संतुलन बिगड़ गया और वे नदी में जा गिरे। देखते ही देखते दोनों गहरे पानी में समा गए। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को घटना की जानकारी दी, जिसके बाद स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों युवकों की तलाश शुरू कराई।

पुलिस-प्रशासन कर रहे हैं बचाव अभियान की निगरानी

घटना की गंभीरता को देखते हुए एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीमें भी घटनास्थल पर पहुंचीं। फायर सर्विस के जवानों के साथ गोताखोर नदी में उतरकर दोनों युवकों को खोजने में जुटे हैं। पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर रहकर बचाव अभियान की निगरानी कर रहे हैं। पुलिस मीडिया सेल के अनुसार, दोनों युवकों की तलाश लगातार जारी है।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article