लखनऊ

मारे गए अतीक और अशरफ, यूपी के सभी जिले हाई अलर्ट पर

  • Authored by: शिशुपाल कुमार
  • Updated Apr 16, 2023, 07:39 AM IST

अतीक अहमद हत्याकांड पर पुलिस आयुक्त रमित शर्मा ने कहा कि हमलावर मोटरसाइकिल से आए थे, उन्होंने अपने आप को मीडियाकर्मी बताया था। वे न्यूज बाइट रिकॉर्ड करने के बहाने अतीक और अशरफ के करीब पहुंच गए और उन पर नजदीक से फायरिंग कर दी। अहमद और उसके भाई को सिर में गोली लगी, जिन्हें बाद में डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया था।

KEY HIGHLIGHTS
  • अतीक अहमद की हत्या के बाद अलर्ट पर पुलिस
  • सीएम आवास की बढ़ाई गई सुरक्षा
  • प्रयागराज में इंटरनेट पर लगा बैन

यूपी के प्रयागराज जिले में शनिवार की रात माफिया डॉन और नेता अतीक अहमद की पुलिस के सामने ही गोली मारकर हत्या कर दी गई। अतीक के साथ-साथ उसके भाई अशरफ अहमद को भी इस दौरान मार दिया गया। इस घटना के समय अतीक अहमद की सुरक्षा में लगे 17 पुलिसकर्मियों को योगी सरकार ने सस्पेंड कर दिया है।

प्रयागराज में इंटरनेट बंद

यूपी पुलिस ने तुरंत एक आदेश जारी कर अतीक की सुरक्षा में शामिल 17 पुलिसकर्मियों को लापरवाही के आरोप में निलंबित कर दिया। इसके साथ ही किसी भी अनहोनी को रोकने के लिए प्रयागराज में इंटरनेट बंद कर दिया गया है। साथ ही चप्पे-चप्पे पर पुलिस की तैनाती कर दी गई है।

सीएम आवास की सुरक्षा बढ़ी

अतीक अहमद की हत्या के बाद यूपी सीएम योगी आदित्यनाथ के आवास की भी सुरक्षा बढ़ा दी गई है। साथ ही संवेदनशील इलाकों में भारी फोर्स की तैनाती की गई है। साथ ही बीजेपी, कांग्रेस, सपा और बसपा के ऑफिसों की सुरक्षा भी बढ़ा दी गई है। लखनऊ के हुसैनाबाद में पुलिस ने फ्लैग मार्च भी किया है।

धारा 144 लागू

अतीक की हत्या के बाद यूपी के सभी जिलों धारा 144 लागू कर दी गई। पूरे उत्तर प्रदेश में धारा 144 लागू कर दी गई है और सभी थानों को गश्त बढ़ाने और हाई अलर्ट पर रहने का आदेश दिया गया है। पुलिसवालों की सारी छुट्‌टी रद्द कर दी गई है। रिजर्व फोर्स के जवानों को भी तैनात करने का आदेश दिया गया है। डीजीपी आरके विश्वकर्मा ने सभी जोन के एडीजी आईजी को अपने संवेदनशील जिलों में लगातार निगरानी रखने का निर्देश दिया। आदेश के मुताबिक हर जिले के संवेदनशील गली-मोहल्लों में पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ा दी गई है।

जांच शुरू

यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने अतीक अहमद और उनके भाई अशरफ की हत्या की उच्चस्तरीय जांच के आदेश दिए हैं। प्रमुख सचिव संजय प्रसाद को घटना स्थल का दौरा करने का आदेश दिया गया है। प्रयागराज में गैंगस्टर अतीक अहमद और अशरफ की गोली मारकर हत्या के बाद यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने एक उच्च स्तरीय बैठक की अध्यक्षता की। मुख्यमंत्री ने तीन सदस्यीय न्यायिक आयोग के गठन के भी निर्देश दिए हैं।

शिशुपाल कुमार
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article