पुणे : पुणे के लोहागढ़ केतन अग्रवाल हत्याकांड में महाराष्ट्र सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। राज्यसभा सांसद और वरिष्ठ अधिवक्ता उज्ज्वल निकम को मामले में स्पेशल पब्लिक प्रॉसिक्यूटर (SPP) नियुक्त किया जाएगा। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने स्वयं निकम से फोन पर बात कर यह जिम्मेदारी संभालने का अनुरोध किया, जिसे उन्होंने तुरंत स्वीकार कर लिया। उज्ज्वल निकम ने बताया कि शुक्रवार दोपहर मुख्यमंत्री का फोन आया था। उन्होंने बताया कि लोहागढ़ में मारे गए केतन अग्रवाल के परिजनों ने मांग की थी कि इस मामले में उनकी नियुक्ति की जाए। मुख्यमंत्री ने पूरे घटनाक्रम की जानकारी देते हुए उनसे विशेष लोक अभियोजक के रूप में केस लड़ने का अनुरोध किया, जिसे उन्होंने स्वीकार कर लिया।
केतन अग्रवाल के पिता से मिले मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस
इसी बीच मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने पुणे पहुंचकर मृतक केतन अग्रवाल के पिता विशाल अग्रवाल से मुलाकात की और परिवार को न्याय दिलाने का भरोसा दिया। मुख्यमंत्री ने आश्वासन दिया कि इस जघन्य अपराध में शामिल सभी आरोपियों को कानून के तहत कड़ी से कड़ी सजा दिलाने के लिए सरकार हरसंभव प्रयास करेगी।
मुख्यमंत्री कार्यालय (CMO) के अनुसार, सरकार ने पीड़ित परिवार की दो प्रमुख मांगें स्वीकार कर ली हैं। पहली, मामले की सुनवाई फास्ट-ट्रैक कोर्ट में कराई जाएगी और दूसरी, वरिष्ठ अधिवक्ता उज्ज्वल निकम को इस मामले में विशेष लोक अभियोजक नियुक्त किया जाएगा।
पत्रकारों से बातचीत में मुख्यमंत्री फडणवीस ने कहा कि यह घटना समाज में बढ़ रही एक बेहद चिंताजनक प्रवृत्ति की ओर इशारा करती है। उन्होंने कहा कि यह गंभीर आत्ममंथन का विषय है कि अच्छे परिवारों और शिक्षित युवाओं के भीतर आखिर ऐसी आपराधिक मानसिकता और प्रतिशोध की भावना क्यों विकसित हो रही है। उन्होंने कहा कि यह केवल कानून-व्यवस्था का मामला नहीं, बल्कि सामाजिक चिंता का विषय भी है। समाज को ऐसा सहयोगी वातावरण तैयार करना होगा, जिससे युवाओं में हिंसा और बदले की भावना पनपने ही न पाए।
गौरतलब है कि सिया, केतन और चेतन से जुड़े इस चर्चित मामले ने पूरे महाराष्ट्र को झकझोर दिया है। सरकार का कहना है कि मामले की निष्पक्ष, त्वरित और प्रभावी सुनवाई सुनिश्चित की जाएगी, ताकि पीड़ित परिवार को जल्द न्याय मिल सके।
