शहर

Gujarat News: कच्छ में कबाड़ उतारते वक्त हुआ भीषण ब्लास्ट, दो मासूम समेत एक ही परिवार के 4 लोगों की दर्दनाक मौत

कच्छ के नखत्राणा तालुका के कोटड़ा गांव में कबाड़ उतारने के दौरान हुए भीषण विस्फोट ने एक ही परिवार के चार लोगों की जान ले ली। हादसे में दो भाइयों के साथ उनके मासूम बच्चों की भी मौत हो गई, जिससे इलाके में मातम पसर गया।

Image

कबाड़ उतारते वक्त हुआ विस्फोट

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

Kutch Scrap Yard Blast: गुजरात केकच्छ के नखत्राणा तालुका के कोटड़ा गांव के मफतनगर विस्तार में सोमवार शाम कबाड़ उतारते समय हुए ब्लास्ट में एक ही परिवार के चार सदस्यों की मौत हो गई। हादसे में दो सगे भाइयों के साथ उनके दो मासूम बच्चे भी शामिल हैं। ब्लास्ट घर के प्रांगण में खड़े 'छोटा हाथी' मिनी लोडिंग वाहन में हुआ। पश्चिम कच्छ SP विकास सुंडा के मुताबिक, 30 वर्षीय मोहम्मद कुंभार और 26 वर्षीय नूरमोहम्मद कुंभार कबाड़ का काम करते थे। दोनों भाई आसपास फेरी लगाने के बाद घर लौटे थे और अपने मिनी लोडिंग वाहन से सामान उतार रहे थे। इसी दौरान अचानक ब्लास्ट हुआ, जिसमें दोनों भाइयों की मौके पर ही मौत हो गई।

डीजल टैंक फटने की बात सामने आई

ब्लास्ट के आसपास मौजूद दोनों बच्चों को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उनकी भी मौत हो गई। मृतकों की पहचान 30 वर्षीय कुंभार मामद इलियास, 26 वर्षीय कुंभार नूरमामद इलियास, 3 वर्षीय कुंभार हसनैन मामद और 3.5 वर्षीय कुंभार नूर फातिमा नूरमामद के रूप में हुई है। SP विकास सुंडा ने बताया कि प्रारंभिक तौर पर मिनी लोडिंग वाहन के पिछले हिस्से में हुए विस्फोट से डीजल टैंक फटने की बात सामने आ रही है। हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि विस्फोट की वास्तविक वजह विशेषज्ञों की जांच के बाद ही सामने आएगी।

घटनास्थल की जांच में जुटी पुलिस और प्रशासन की टीमें

घटना के बाद प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची है। फॉरेंसिक क्राइम सीन टीम घटनास्थल का निरीक्षण करेगी और इसके बाद एक्सप्लोसिव स्पेशलिस्ट भी जांच करेगा। पुलिस का फोकस विस्फोट के कारण और परिस्थितियों का पता लगाने पर है। SP विकास सुंडा ने कबाड़ कारोबारियों से अपील की है कि वे लाइसेंस से जुड़ी प्रक्रिया, सही वेरिफिकेशन और डॉक्यूमेंटेशन का पालन करें। उन्होंने कहा कि कबाड़ में मिलने वाली किसी भी संदिग्ध वस्तु को पहले सुनिश्चित करने के बाद ही उसे एकत्र करने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जानी चाहिए। फिलहाल पुलिस और प्रशासन की टीमें घटनास्थल की जांच में जुटी हैं। फॉरेंसिक और एक्सप्लोसिव विशेषज्ञों की रिपोर्ट के बाद ही ब्लास्ट के सटीक कारण की तस्वीर साफ होगी।

Dhruv Sanchania
ध्रुव संचानियाauthor

ध्रुव संचानिया गुजरात में टाइम्स नेटवर्क के सीनियर जर्नलिस्ट और ब्यूरो चीफ के पद पर कार्यरत हैं। ध्रुव ने प्रिंट, रेडियो, डिजिटल और टीवी पर शानदार काम किया है। क्राइम, इन्वेस्टिगेशन से लेकर इंसानी कहानियों तक में उनका काम गहराई से भरा होता है। जब वह हेडलाइन के पीछे नहीं भाग रहे होते तो वह सड़कों, सिनेमा और अगली छिपी हुई कहानी के पीछे भाग रहे होते हैं। उनका काम ऐसा है जो उन्हें अलग ला खड़ा करता है।

और पढ़ें
End of Article