कल का मौसम कैसा रहेगा : देशभर में मौसम परिवर्तित हो रहा है। खासकर, उत्तर भारत में अब धीरे-धीरे तापमान न्यूनतम स्तर की ओर जा रहा है। पिछले दो दिनों से उत्तर दिशा से हल्की सर्द हवाएं बह रही हैं, जिससे ठंडक का असर तेज हो रहा है। अधिकांश हिस्सों पर सुबह कोहरा और दिन में हल्की धुंध नजर आ रही है। मौसम विभाग का मानना है कि अगले सप्ताह से हरियाणा, पंजाब, दिल्ली, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और बिहार में सर्दी परेशान कर सकती है। हालांकि, बारिश को लेकर कोई अनुमान नहीं है। लेकिन 'अकवन' तूफान का आंशिक असर दिखाई दे सकता है। फिलहाल, पहाड़ों पर कोई पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय नहीं है, जिससे हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और उत्तराखंड में बारिश की संभावना नहीं है, लेकिन ऊंचे हिस्सों पर हल्की बर्फबारी हो सकती है। स्काईमेट ने अगले 72 घंटे के दौरान बंगाल की खाड़ी में 'अकवन' चक्रवाती तूफान के शक्तिशाली होकर ओडिशा और आंध्र प्रदेश की ओर बढ़ रहा है। 20 नवंबर को हवा की निरंतर गति 120-130 किमी प्रति घंटा होगी, जो झोंकों के साथ 145 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। इस दौरान भीषण आंधी, गरज-चमक के साथ भारी बारिश रिकॉर्ड की जाएगी। इसका असर दक्षिण भारतीय राज्यों के साथ पूर्वोत्तर पर भी दिखाई देगा।
उत्तर भारत में बढ़ेगी सर्दी
उत्तर भारत में लगातार मौसम सर्दी की ओर शिफ्ट हो रहा है। पिछले कई दिनों से न्यूनतम और अधिकतम तापमान में गिरावट जारी है। इस दौरान हल्की हवाएं भी बह रही हैं, जिससे शाम और सुबह ठंडक का एहसास तेज हो गया है। हालांकि, दिन में धूप खिल रही है, जिससे सुहावने मौसम का एहसास हो रहा है। आईएमडी की मानें तो उत्तर प्रदेश में मौसमी गतिविधियां होने का कोई अलर्ट नहीं है, लेकिन अकवन चक्रवात का आंशिक असर दिखाई दे सकता है। कमोबेश ऐसा ही मौसम बिहार के अधिकांश हिस्सों पर रहेगा, लेकिन 21 नवंबर को कुछ जिलों में बादलों की गरज-चमक के साथ हल्की बारिश रिकॉर्ड की जा सकती है।
दिल्ली-एनसीआर में कैसा रहेगा मौसम
दिल्ली-एनसीआर में लगातार तापमान गिर रहा है। आईएमडी की मानें तो बुधवार को इस मौसम की अब तक की सबसे ठंडी सुबह रिकॉर्ड की गई। इस दौरान न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य तापमान से 1.3 डिग्री सेल्सियस कम था। आईएमडी के अनुसार, अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। सुबह मध्यम स्तर का कोहरा छाए रहने की संभावना है। जबकि प्रदूषण की चादर छाई नजर आएगी। सीपीसीबी के अनुसार, एक्यूआई 220 के आसपास पहुंच गया है, जो ’खराब’ श्रेणी में आता है। उत्तम नगर में एक्यूआई 415 दर्ज किया गया, जो सबसे अधिक था। सीपीसीबी के मानकों के मुताबिक, AQI शून्य से 50 के बीच अच्छा, 51 से 100 के बीच संतोषजनक, 101 से 200 के बीच मध्यम, 201 से 300 के बीच खराब, 301 से 400 के बीच बहुत खराब और 401 से 500 के बीच गंभीर श्रेणी में माना जाता है।
अकवान की स्थिति क्या है?
आईएमडी ने पश्चिम बंगाल के कुछ हिस्सों में 19 से 21 नवंबर के बीच बहुत भारी बारिश होने का अनुमान जताया है। इस बीच, गंभीर चक्रवाती तूफान ’अकवान’ ने अपना मार्ग बदल लिया है और इसके आंध्र प्रदेश के नरसापुर तथा ओडिशा के पुरी के बीच तट से टकराने की आशंका है। आईएमडी ने बुधवार सुबह अनुमान जताया था कि चक्रवात 20 नवंबर को दोपहर आंध्र प्रदेश में नेल्लोर और विशाखापत्तनम के बीच गंभीर चक्रवाती तूफान के रूप में तट से टकराएगा। इस दौरान हवा की अधिकतम गति 100 से 110 किलोमीटर प्रति घंटे रहने और झोंकों की गति 120 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की आशंका जताई गई थी।
मौसम विभाग ने हालांकि, चक्रवात के नरसापुर और पुरी के बीच तट से टकराने की आशंका है। इस दौरान हवा की अधिकतम गति 90 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे रह सकती है। दक्षिण बंगाल के कुछ जिलों में गरज के साथ बारिश और भारी वर्षा हो सकती है। पूर्वी मेदिनीपुर और पश्चिमी मेदिनीपुर जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश होने का अनुमान है जबकि दक्षिण 24 परगना, हावड़ा, झाड़ग्राम और बांकुड़ा जिलों में भारी बारिश हो सकती है।
मौसम विभाग ने मछुआरों को सलाह दी है कि वे समुद्र की स्थिति खराब रहने की आशंका के मद्देनजर 19 और 20 नवंबर को पश्चिम बंगाल के तट के आसपास और उससे दूर समुद्र में न जाएं। कोलकाता में 19 से 21 नवंबर के बीच गरज के साथ बारिश होने और इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान है।
