Bihar Flood News: अपने अनोखे अंदाज और शिक्षण शैली के लिए मशहूर शिक्षक खान सर एक बार फिर चर्चा में हैं। इस बार वह बिहार के बाढ़ प्रभावित इलाकों में जमीन पर उतरकर लोगों की मदद करते हुए नजर आ रहे हैं। खान सर राहत सामग्री लेकर नाव से बाढ़ प्रभावित इलाकों में पहुंचे। बाढ़ पीड़ितों के बीच राहत सामग्री पहुंचाने का उनका हाईटेक और व्यवस्थित तरीका सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसकी लोग जमकर सराहना कर रहे हैं।
नाव पर सवार होकर पहुंचे मदद लेकर
वायरल वीडियो में खान सर एक नाव पर सवार दिखाई दे रहे हैं, जिसमें बाढ़ पीड़ितों के लिए राहत सामग्री लदी हुई है। वे पूरी तैयारी के साथ राहत कार्य की कमान खुद संभाले हुए नजर आ रहे हैं। वायरल वीडियो में खान सर के हाथ में एक इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस भी दिख रहा है, जिसके जरिए वे बाढ़ प्रभावित क्षेत्र के लोगों को जरूरी निर्देश और जानकारी देते नजर आ रहे हैं।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें - यूपी में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, योगी सरकार ने 10 सीनियर IAS अफसरों को बदला; जानें किसे मिली कौन-सी जिम्मेदारी
सुरक्षा को दी प्राथमिकता
वीडियो में खान सर यह कहते हुए सुनाई दे रहे हैं कि रात काफी हो चुकी है और ऐसे में अंधेरे की वजह से बच्चों को खतरा हो सकता है। इसलिए वे घोषणा कर रहे हैं कि अब राहत सामग्री कल सुबह बांटी जाएगी, ताकि हर किसी तक सुरक्षित तरीके से मदद पहुंच सके।
सोशल मीडिया पर मिल रही सराहना
बिहार में बाढ़ से जूझ रहे इलाकों में खान सर के इस राहत कार्य का वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोग इसे तेजी से शेयर कर रहे हैं। यूजर्स उनके इस मानवीय प्रयास और जमीनी स्तर पर आपदा के समय लोगों की मदद करने के जज्बे की प्रशंसा कर रहे हैं। संकट की इस घड़ी में उनका यह कदम लोगों के लिए बड़ी राहत बना हुआ है।
