देश

ममता के भतीजे अभिषेक के जन्मदिन के मौके पर बवाल, आवास के बाहर पथराव और लाठीचार्ज, पढ़ें इनसाइड स्टोरी

Abhishek Banerjee Birthday: तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी के जन्मदिन के मौके पर आधी रात को भारी बवाल मचा। अभिषेक ने आरोप लगाया कि बीजेपी कार्यकर्ताओं ने ऐसे डंडों से हमला किया, जिनमें कीलें लगी हुई थीं।

Image

पश्चिम बंगाल में अभिषेक बनर्जी के जन्मदिन के मौके पर बवाल

Photo : Times Now Digital

Abhishek Banerjee Birthday: पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस (TMC) के राष्ट्रीय महासचिव और सांसद अभिषेक बनर्जी के जन्मदिन के मौके पर आधी रात को भारी बवाल मचा। अभिषेक को जन्मदिन की बधाई देने के लिए शुक्रवार आधी रात के बाद बड़ी संख्या में उनके समर्थक और टीएमसी कार्यकर्ता कालीघाट स्थित उनके आवास के बाहर जुटे।

क्या है पूरा मामला?

आरोप है कि रात करीब 2 बजे अचानक कुछ लोग अभिषेक के आवास के बाहर पहुंचे और 'चोर-चोर' के नारे लगाने लगे। इस दौरान अभिषेक को जन्मदिन की बधाई देने के लिए लगाए गए पोस्टर, कटआउट और बैनर भी फाड़ दिए गए। जब टीएमसी समर्थकों ने इसका विरोध किया और बीच-बचाव की कोशिश की, तो दोनों पक्षों के बीच पहले बहस हुई और फिर मामला झड़प में तब्दील हो गया।

देखते ही देखते दोनों गुटों के बीच पत्थरबाजी शुरू हो गई। घंटों तक चले इस हंगामे में कई लोग घायल हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, पुलिस ने दोनों गुटों को तितर-बितर करने के लिए लाठीचार्ज भी करना पड़ा।

घायलों से मिलने के लिए घर से आए बाहर

इस बीच, अभिषेक बनर्जी घायल समर्थकों से मिलने के लिए घर से बाहर आए। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके आवास के बाहर हमला करने वाले लोग बीजेपी के कार्यकर्ता थे। उन्होंने यह भी दावा किया कि उनके कार्यालय में तोड़फोड़ की गई है। हालांकि, बीजेपी ने इन आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, इस झड़प में दोनों पक्षों के कई लोग घायल हुए हैं। घटना के बाद अभिषेक बनर्जी ने अपने आवास के बाहर ही धरना शुरू कर दिया। इस दौरान उनकी पुलिस अधिकारियों के साथ बहस भी हुई। अभिषेक ने आरोप लगाया कि बीजेपी कार्यकर्ताओं ने ऐसे डंडों से हमला किया, जिनमें कीलें लगी हुई थीं। हालांकि, बाद में अभिषेक अपने घर के अंदर चले गए। फिलहाल, इस घटना को लेकर टीएमसी और बीजेपी के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article