UP News: उत्तर प्रदेश में रविवार रात राज्य सरकार ने बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 10 वरिष्ठ अधिकारियों का तबादला कर दिया। इस बड़े कदम के तहत 3 अपर मुख्य सचिव (ACS) और 7 प्रमुख सचिव स्तर के अधिकारियों के विभागों में फेरबदल किया गया है। ऊर्जा, पंचायती राज, स्वास्थ्य, उच्च शिक्षा, कृषि, खाद्य एवं रसद और श्रम जैसे शासन के सबसे महत्वपूर्ण विभागों में नई तैनातियां प्रभावी कर दी गई हैं।
ऊर्जा और पंचायती राज में बदलाव
प्रदेश में बिजली किल्लत और प्रशासनिक खींचतान के बीच डॉ. आशीष कुमार गोयल (अपर मुख्य सचिव, ऊर्जा एवं अतिरिक्त ऊर्जा तथा अध्यक्ष UPPCL) को हटाकर अपर मुख्य सचिव, श्रम एवं सेवायोजन विभाग बनाया गया है। अब रणवीर प्रसाद को प्रमुख सचिव ऊर्जा एवं अतिरिक्त ऊर्जा के साथ-साथ UPPCL, UPPTCL और UPRVUNL के अध्यक्ष की बड़ी जिम्मेदारी सौंपी गई है।
पंचायती राज विभाग के प्रमुख सचिव अनिल कुमार को हटाकर प्रमुख सचिव खाद्य एवं रसद तथा उपभोक्ता मामले आयुक्त बनाया गया है। पंचायती राज मंत्री ओमप्रकाश राजभर के साथ डिजिटल लाइब्रेरी, बारात घर और पंचायत सहायकों के वेतन वृद्धि जैसे मुद्दों पर उनके मतभेद सामने आए थे। अब कृषि विभाग संभाल रहे रवींद्र को प्रमुख सचिव पंचायती राज की कमान दी गई है।
स्वास्थ्य, शिक्षा और कृषि में भी बड़े फेरबदल
स्वास्थ्य विभाग में अमित कुमार घोष को अपर मुख्य सचिव, चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा चिकित्सा शिक्षा के पद से हटाकर अपर मुख्य सचिव, उच्च शिक्षा बनाया गया है। वहीं, वी. हेकाली झिमोमी (प्रमुख सचिव वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन) को अब प्रमुख सचिव, चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा चिकित्सा शिक्षा का जिम्मा दिया गया है।
उच्च शिक्षा व वन विभाग में महेंद्र प्रसाद अग्रवाल को प्रमुख सचिव उच्च शिक्षा से स्थानांतरित कर प्रमुख सचिव, वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन बनाया गया है।
कृषि विभाग में डॉ. एमकेएस सुंदरम को प्रमुख सचिव कृषि के साथ-साथ कृषि शिक्षा एवं अनुसंधान, कृषि विपणन और निर्यात प्रोत्साहन का पूरा प्रभार दिया गया है।
अमृत अभिजात को अपर मुख्य सचिव पर्यटन एवं संस्कृति के साथ-साथ परिवहन विभाग के अपर मुख्य सचिव का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। वहीं, अमित गुप्ता (प्रमुख सचिव स्टाम्प एवं रजिस्ट्रेशन) को व्यावसायिक/तकनीकी शिक्षा का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।
