शहर

'क्या आपने सिया का बैकग्राउंड चेक किया?' 'हमेशा बिजी क्यों रहता है फोन'; मौत से पहले मंगेतर की चाल समझ गया था केतन!

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, केतन ने कई बार अपने माता-पिता से पूछा था कि क्या उन्होंने सिया के बारे में पूरी जानकारी हासिल की है। क्या उसका बैकग्राउंड ठीक से जांचा गया है?

Image

केतन मर्डर केस

पुणे के लोहगढ़ किले पर हुई केतन अग्रवाल की मौत कोई हादसा नहीं, बल्कि एक गहरी साजिश का हिस्सा थी? शुरुआत में इसे ट्रेकिंग के दौरान पैर फिसलने से हुआ हादसा माना गया, लेकिन धीरे-धीरे जांच आगे बढ़ी और एक सनसनीखेज वारदात का पर्दाफाश हुआ। 26 वर्षीय केतन की हत्या के आरोप में उनकी मंगेतर सिया गोयल और उसके कथित प्रेमी चेतन बाबूलाल चौधरी का नाम आया तो देश में फिर से प्यार और धोखे पर चर्चा तेज हो गई। पुलिस जांच में सामने आया है कि शादी के दबाव से बचने और रास्ते के कांटे को हटाने के लिए आरोपियों ने खौफनाक साजिश रची। इस हत्याकांड की गुत्थी सुलझाने के लिए अब पुणे ग्रामीण पुलिस लोहगढ़ किले पर क्राइम सीन रीक्रिएशन करने जा रही है। अबतक केतन की हत्या मामले में पुलिस ने 10 लोगों के बयान दर्ज किया है। शुक्रवार सिया के भाई साहिल का पुलिस ने करीब 10 घंटे तक बयान दर्ज किया। साहिल से पुलिस की पूछताछ की मुख्य वजह थी। केतन अग्रवाल की रहस्यमयी मौत की जांच के बीच अब इस रिश्ते की परतें भी खुलने लगी हैं।

शादी की तैयारियों, सपनों और भविष्य की योजनाओं के बीच कुछ ऐसे सवाल भी थे जो केतन के मन में लगातार उठ रहे थे, लेकिन परिवार को उस समय वे सामान्य आशंकाएं ही लगीं। फरवरी 2026 में दोनों परिवारों की मौजूदगी में पुणे के एक प्रतिष्ठित होटल में केतन और सिया की सगाई हुई थी। रिश्ते को परिवारों की मंजूरी मिल चुकी थी और शादी की तैयारियां जोर-शोर से चल रही थीं। लेकिन सगाई के बाद के कुछ महीनों में केतन के मन में कुछ शंकाएं जन्म लेने लगी थीं।

केतन ने मां-बाप से किए थे सवाल

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, केतन ने कई बार अपने माता-पिता से पूछा था कि क्या उन्होंने सिया के बारे में पूरी जानकारी हासिल की है। क्या उसका बैकग्राउंड ठीक से जांचा गया है? परिवार का जवाब हर बार एक ही होता था - सिया रिश्तेदारी से जुड़ी हुई है और उसके बारे में भरोसेमंद लोगों से पूरी जानकारी ली जा चुकी है।

परिवार को लगता था कि शादी से पहले होने वाली घबराहट और सामान्य आशंकाओं की वजह से केतन ऐसे सवाल पूछ रहा है। इसलिए उसकी चिंताओं को ज्यादा गंभीरता से नहीं लिया गया। समय के साथ केतन ने यह भी महसूस किया कि सिया का व्यवहार बदल रहा है। छोटी-छोटी बातों पर नाराजगी, बहस और चिड़चिड़ापन बढ़ने लगा था।

भावनात्मक अपरिपक्वता की वजह से परिवार ने खोया बेटा

जब केतन ने यह बात घरवालों को बताई तो उन्होंने उसे समझाया कि सिया उम्र में उससे छोटी है और संभव है कि कम उम्र और भावनात्मक अपरिपक्वता की वजह से वह इस तरह प्रतिक्रिया देती हो। परिवार को लगा कि शादी के पहले ऐसी नोकझोंक सामान्य बात है और समय के साथ सब कुछ ठीक हो जाएगा।

शायद इसी भरोसे के कारण केतन ने भी अपने मन में उठ रहे सवालों को ज्यादा आगे नहीं बढ़ाया। दोनों के प्री-वेडिंग शूट के लिए इंडोनेशिया के बाली में विशेष कार्यक्रम की तैयारी की गई थी। टिकट और बुकिंग महीनों पहले हो चुकी थीं। लेकिन मुंबई एयरपोर्ट पहुंचने के बाद केतन को अपने बैग में पासपोर्ट नहीं मिलने के कारण पूरी यात्रा रद्द हो गई।

घर लौटने के बाद केतन ने कथित तौर पर अपने परिवार से कहा था कि पिछले एक महीने से रिश्ते में तनाव बढ़ गया है और छोटी-छोटी बातों पर विवाद हो रहे हैं। यह बात उसके मन में पहले से मौजूद असहजता को और बढ़ा रही थी। जांच से जुड़ी जानकारी के अनुसार, केतन ने अपने करीबियों के सामने यह सवाल भी उठाया था कि जब वह सिया को फोन करता है तो कई बार उसका फोन व्यस्त मिलता है।

सिया बातचीत के दौरान अक्सर एक युवक, चेतन चौधरी, का जिक्र करती थी। धीरे-धीरे यह बात भी केतन के मन में शंका का कारण बनने लगी। उसने अपने परिवार के सामने आशंका जताई थी कि कहीं सिया का किसी और के साथ कोई रिश्ता तो नहीं है। लेकिन परिवार ने एक बार फिर उसे समझाया। उनका मानना था कि सिया रिश्तेदारी की लड़की है और ऐसी किसी बात की संभावना नहीं है। परिवार ने उसे भरोसा दिलाया कि वह बेवजह चिंतित हो रहा है।

Rakesh Kamal Trivedi
राकेश त्रिवेदीauthor

20 वर्षों से अधिक के अनुभव के साथ टीवी पत्रकारिता में सक्रिय, वर्तमान में TIMES NOW नवभारत में न्यूज़ एडिटर। क्राइम और इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिज़्म में मजबूत पकड़ के साथ महाराष्ट्र की राजनीति और हाई-इम्पैक्ट राष्ट्रीय खबरों पर गहरी नज़र। डेटा-ड्रिवन रिसर्च, निर्भीक सवाल, ऑन-ग्राउंड एक्सपीरियंस और बेबाक विश्लेषण का संतुलित मिश्रण उनकी शैली की खासियत है।

और पढ़ें
End of Article