Kedarnath Landslide: रुद्रप्रयाग में केदारनाथ पैदल मार्ग पर चीरबासा के पास रविवार शाम दर्दनाक हादसा हो गया। जहां पहाड़ी से अचानक गिरे पत्थरों की चपेट में आने से पांच वर्षीय बच्चे की मौत हो गई। हादसे के बाद रेस्क्यू टीमों ने प्रभावित क्षेत्र में बचाव अभियान चलाया। लगातार पत्थर और मलबा गिरने से पैदल मार्ग का एक हिस्सा बंद हो गया। रेस्क्यू टीमों ने अब तक लगभग 1100 यात्रियों को सुरक्षित निकालकर सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाया गया है।
चीरबासा में पत्थर गिरने से बच्चे की मौत
पुलिस कंट्रोल रूम को रविवार शाम करीब 4:39 बजे चीरबासा क्षेत्र में लैंडस्लाइड और पत्थर गिरने की सूचना मिली। सूचना के अनुसार, पहाड़ी से अचानक भारी पत्थर गिरने के दौरान एक बच्चा इसकी चपेट में आ गया। जिस कारण बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक, मृतक बच्चे की पहचान 5 वर्षीय यश पुत्र रोहताश यादव निवासी एटा के रूप में हुई है। बच्चे के शव को पालकी के जरिए जंगलचट्टी के एमआरपी भैरव मंदिर पहुंचाया गया।
मलबा गिरने से पैदल मार्ग बंद
हादसे के बाद पत्थरों और मलबे के लगातार गिरने से केदारनाथ पैदल मार्ग का एक हिस्सा बंद हो गया। यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए मार्ग पर तैनात रेस्क्यू टीमों ने तत्काल अभियान शुरू किया। जिला आपदा प्रबंधन विभाग के अनुसार, रेस्क्यू टीमों ने अब तक करीब 1100 यात्रियों को सुरक्षित निकालकर महफूज स्थानों तक पहुंचाया है। बाकी यात्रियों को भी सुरक्षित निकालने के प्रयास जारी हैं।
लगातार बारिश के बीच रेस्क्यू अभियान जारी
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया कि यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। रेस्क्यू टीमें आपसी समन्वय के साथ प्रभावित इलाकों की लगातार निगरानी कर रही हैं और यात्रियों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने का काम जारी है। लगातार बारिश के कारण चीरबासा क्षेत्र में पहाड़ी से पत्थर गिरने और भूस्खलन का खतरा बना हुआ है। प्रशासन ने यात्रियों से धैर्य बनाए रखने और बचाव अभियान में सहयोग करने की अपील की है।
