उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले से शुक्रवार सुबह एक बेहद डरावना और बड़ा हादसा सामने आया है। कोखराज थाना क्षेत्र अंतर्गत नेशनल हाईवे पर स्थित सिरोही (कोखराज-हंडिया बाईपास) टोल प्लाजा के पास LPG से भरा एक तेज रफ्तार टैंकर अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया। टैंकर के पलटते ही उसमें गैस रिसाव के कारण इतनी भीषण और विकराल आग लग गई कि देखते ही देखते पूरा हाईवे आग की लपटों से घिर गया।
आग की लपटें इतनी तेज थीं कि आसमान में काले धुएं का गुबार छा गया और आसपास के करीब आधा किलोमीटर के दायरे में रहने वाले लोगों और वाहन चालकों में दहशत फैल गई। हादसे का जो वीडियो सामने आया है, वह बेहद भयावह है, जिसमें हाईवे के बीचों-बीच आग का तांडव साफ देखा जा सकता है।
लीकेज के बाद बेकाबू होकर टोल बूथ से टकराया
LPG से भरा यह टैंकर कानपुर की तरफ से आ रहा था। सुबह करीब 6:30 बजे जैसे ही यह कोखराज क्षेत्र के टोल प्लाजा के नजदीक पहुंचा, तभी अचानक टैंकर में खतरनाक तरीके से एलपीजी गैस का रिसाव शुरू हो गया। ड्राइवर जब तक गाड़ी संभाल पाता, तब तक गैस ने आग पकड़ ली और टैंकर अनियंत्रित होकर पलटते हुए सीधे टोल बूथ के केबिनों से जा टकराया। टैंकर के टकराते ही आग ने और विकराल रूप ले लिया, जिससे टोल प्लाजा के चैंबर धू-धू कर जलने लगे। इस अचानक हुए हादसे में वहां ड्यूटी पर तैनात कुछ टोल कर्मियों के भी झुलसने की खबर है, जबकि अन्य कर्मियों ने भागकर बमुश्किल अपनी जान बचाई।
पुलिस ने रोका रास्ता
घटना की सूचना मिलते ही कोखराज थाना पुलिस समेत कई थानों की फोर्स और फायर ब्रिगेड की गाड़ियां तत्काल मौके पर पहुंच गईं। गैस की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने एहतियात के तौर पर नेशनल हाईवे पर टोल प्लाजा के दोनों तरफ करीब आधा किलोमीटर के क्षेत्र को पूरी तरह से बैरिकेड कर आवागमन रोक दिया है।
