कानपुर

Kanpur: पुलिस पर लगे गंभीर आरोप, दरोगा ने अगवा कर उगाहे थे 3 लाख, ACP की जांच में हुआ खुलासा

कानपुर पुलिस के एक दरोगा की हरकत ने खाकी को धूमिल कर दिया है। दरोगा ने अपने साथियों के साथ मिलकर मध्य प्रदेश क्राइम ब्रांच के अधिकारी बनकर एक व्यापारी का अपहरण किया और उससे तीन लाख रुपये की वसूली की। ACP पनकी की जांच में सभी आरोपों की पुष्टि हुई है।

Image

कानपुर पुलिस पर लगे गंभीर आरोप (सांकेतिक तस्वीर | Canva)

Kanpur News: उत्तर प्रदेश के कानपुर शहर में पुलिस विभाग की छवि पर एक बार फिर सवाल उठ खड़े हुए हैं। किदवई नगर चौकी प्रभारी दरोगा प्रवास शर्मा और उनके कुछ सहयोगियों पर व्यापारी के अपहरण और 3 लाख रुपये की उगाही करने का गंभीर आरोप लगा है। यह सनसनीखेज मामला ACP पनकी आशुतोष कुमार की जांच में सामने आया है, जिसने पुलिस महकमे में खलबली मचा दी है।

कैसे रची गई साजिश

घटना सचेंडी के सिद्धपुर गांव निवासी व्यापारी रामबहादुर से जुड़ी है, जिसे आरोपी दरोगा और उसके साथियों ने मध्य प्रदेश क्राइम ब्रांच का अधिकारी बनकर जबरन घर से उठा लिया। उसे किदवई नगर क्षेत्र के एक होटल में ले जाकर रातभर बुरी तरह पीटा गया और फर्जी मुकदमों और एनकाउंटर की धमकी देकर डरा-धमकाकर 3 लाख रुपये की उगाही की गई। पैसे देने के बाद ही व्यापारी को छोड़ा गया।

जांच में क्या सामने आया

व्यापारी के DCP वेस्ट से शिकायत करने के बाद पूरे मामले की जांच ACP पनकी को सौंपी गई, जिन्होंने प्रारंभिक जांच में पाया कि दरोगा प्रवास शर्मा पर लगे आरोप पूरी तरह सही हैं। जांच से यह भी स्पष्ट हुआ कि दरोगा ने अपने साथियों के साथ मिलकर योजनाबद्ध ढंग से यह अपराध अंजाम दिया था।

प्रशासन ने लिया संज्ञान

जॉइंट पुलिस कमिश्नर ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कहा है कि जांच में दोषी पाए गए लोगों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी और मामले का जल्द पूर्ण खुलासा कर न्याय सुनिश्चित किया जाएगा।

वहीं DCP वेस्ट के निर्देश पर जांच की गति तेज कर दी गई है। प्रवास शर्मा और उनके सहयोगियों की तलाश जारी है। पुलिस सूत्रों का मानना है कि आने वाले दिनों में और भी सनसनीखेज खुलासे हो सकते हैं।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article