Kanpur Suicide: उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले से हैरान करने वाली खबर सामने आई है। यहां एक युवक ने पिता से बात करते हुए गोली मारकर खुदकुशी कर ली। दरअसल, सिपाही का बेटा प्रतियोगी परीक्षा की तैयार कर रहा था। युवक ने अपने पिता से फोन पर कहा कि, पापा! अब और नहीं होता...मैं खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर रहा हूं। पिता से दर्द बयां करके सिपाही के बेटे ने खुद को गोली मार ली। दूसरी तरफ पिता बेटे से मिन्नतें करते रहे कि सब ठीक हो जाएगा। एक दिन तुम पास जरूर हो जाओगे...इसी दौरान फोन पर गोली की आवाज आई और सब कुछ खत्म हो गया। यह सनसनीखेज घटना गुजैनी के अम्बेडकर नगर इलाके में हुई। सिपाही के बेटे ने फौजी चाचा की लाइसेंसी पिस्टल से खुद को गोली मारी।
मूलरूप से पुखरायां के रहने वाले शिवप्रताप यादव कानपुर के पनकी थाने की पीआरवी 0710 में दीवान पद पर कार्यरत हैं। सिपाही के परिवार में पत्नी व दो बेटे अजीत (24) और अभिषेक हैं। सिपाही के घर में ही उसके छोटे भाई आर्मी में सूबेदार अजय पाल का परिवार भी साथ में ही रहता है।
चार वर्ष से मनोचिकित्सक से चल रहा था उपचार
परिजनों ने बताया कि, अजीत कई वर्ष से प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में जुटा था। उसने सिविल सर्विसेज की परीक्षा भी दी थी। सलेक्शन नहीं होने पर डिप्रेशन में आ गया था। उसका चार वर्ष से मनोचिकित्सक से उपचार चल रहा था। अजीत के चाचा सूबेदार अजय छुट्टी पर आए हुए थे। बुधवार को अजीत अपने छोटे भाई अभिषेक के साथ दौड़ लगाने गया था। इसके बाद वापस घर आने पर नाश्ता किया और ऑन लाइन क्लास ली थी। क्लास के बाद वह कमरे में गया और गोली मारकर जान दे दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की।
