शहर

बिहार विधान परिषद चुनाव की रणनीति बनाएगा NDA, कल होगी विधायकों की बैठक

बिहार में आगामी विधान परिषद चुनाव की रणनीति तय करने के लिए NDA विधायक शुक्रवार को बैठक करेंगे। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने कहा कि गठबंधन एकजुट होकर चुनाव लड़ेगा। आठ सीटों पर 23 अक्टूबर को वोटिंग होनी है।

Image

बिहार विधान परिषद चुनाव की रणनीति के लिए शुक्रवार को बैठक करेगा NDA (File Photo|X:Sanjay Saraogi)

बिहार में विधान परिषद की 8 सीटों पर होने वाले चुनाव को लेकर सत्तारूढ़ NDA ने तैयारी तेज कर दी है। गठबंधन के विधायक शुक्रवार को बैठक कर चुनावी रणनीति पर चर्चा करेंगे। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने कहा कि NDA एकजुट होकर चुनाव लड़ेगा और शुक्रवार की बैठक में रणनीति को अंतिम रूप दिया जाएगा।

NDA एकजुट होकर लड़ेगा चुनाव

संजय सरावगी ने कहा, ’’हमने आगामी विधान परिषद चुनाव पर चर्चा की। राजग एकजुट होकर यह चुनाव लड़ेगा। रणनीति को अंतिम रूप देने के लिए शुक्रवार को राजग विधायक दल की बैठक बुलाई गई है।’’ गौरतलब है कि विधान परिषद की आठ सीट के लिए 23 अक्टूबर को चुनाव होना है। इनमें से पांच सीटें फिलहाल राजग के पास हैं और गठबंधन के सभी मौजूदा एमएलसी दोबारा चुनाव लड़ रहे हैं। इनमें भाजपा के चार एमएलसी शामिल हैं।

सारण में त्रिकोणीय मुकाबले के आसार

जनता दल यूनाइटेड (जदयू) ने चार सीट पर उम्मीदवार उतारे हैं। पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में उसके मौजूदा एमएलसी नीरज कुमार को अपनी ही पार्टी के विधायक अनंत कुमार सिंह के विरोध का सामना करना पड़ रहा है। सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में भी राजग के आधिकारिक उम्मीदवार जदयू के आनंद पुष्कर के लिए मुकाबला मुश्किल हो गया है। सत्तारूढ़ गठबंधन के सबसे छोटे घटक राष्ट्रीय लोक मोर्चा (आरएलएम) के राम पुकार सिन्हा के चुनाव मैदान में उतरने से मुकाबला त्रिकोणीय होने की संभावना है।

अंदरूनी कलह के सवाल पर बचते दिखे सरावगी

हालांकि, सरावगी ने राजग में अंदरूनी कलह से जुड़े सवालों का सीधा जवाब देने से परहेज किया, जिससे विधान परिषद चुनावों में गठबंधन की संभावनाओं पर असर पड़ सकता है। इन चुनावों में सभी आठ सीटों पर बहुकोणीय मुकाबला होने की संभावना है। भाजपा नेता ने कहा, ’’राजग पूरी तरह मजबूत है और एकजुट है। जहां तक चुनाव से पहले अलग-अलग दलों से जुड़े मुद्दों का सवाल है, संबंधित प्रदेश अध्यक्षों को उचित कार्रवाई करने के लिए अधिकृत किया गया है।’’

(इनपुट - भाषा)

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article