अमेरिका की आपराधिक न्याय प्रणाली और मृत्युदंड के इतिहास में एक ऐसा दुर्लभ और अभूतपूर्व मामला सामने आया है, जिसने अदालतों, कानूनी विशेषज्ञों और मानवाधिकार कार्यकर्ताओं के बीच एक नई बहस छेड़ दी है। टेनेसी राज्य की रिवरबेंड मैक्सिमम सिक्योरिटी जेल में बंद 50 वर्षीय कैदी क्रिस्टा पाइक (Christa Pike) को मौत की सजा दी जा रही थी। हालांकि, एक के बाद एक जहर की दो खुराक दिए जाने के बावजूद उसकी मौत नहीं हुई। इस नाकाम कोशिश के बाद क्रिस्टा पाइक न सिर्फ जिंदा बची, बल्कि होश में भी आ गई। इसने हर किसी को हैरत में डाल दिया। अब अमेरिका के सामने सबसे बड़ा सवाल यह खड़ा हो गया है कि—क्या किसी इंसान को एक बार मौत की कोशिश विफल होने के बाद दोबारा मौत की सजा दी जा सकती है? कौन है क्रिस्टा पाइक और किस तरह ये अमेरिका के लिए कानूनी पहेली बन गया है, विस्तार से जानते हैं।
कौन है क्रिस्टा पाइक?
क्रिस्टा पाइक का नाम अमेरिकी अपराध इतिहास में काफी चर्चित रहा है। 1995 में जब क्रिस्टा पाइक महज 18 वर्ष की थी, उसने अपने प्रेमी तदारेल वेस्ली और एक अन्य साथी के साथ मिलकर अपनी 19 वर्षीया सहपाठी कॉलीन स्लेमर की नृशंस हत्या कर दी थी। 1996 में अदालत ने पाइक को प्रथम श्रेणी हत्या और साजिश का दोषी पाते हुए मौत की सजा सुनाई। इस फैसले के साथ ही क्रिस्टा पाइक टेनेसी राज्य के इतिहास में 'डेथ रो' यानि फांसी की सजा का इंतजार करने वाला कैदी बनने वाली सबसे कम उम्र की महिला बनी थी।
डेथ चैंबर में क्या हुआ?
30 सितंबर 2026 की रात, राज्य के नए डेथ वारंट के तहत क्रिस्टा पाइक को चैंबर में ले जाया गया। रात के समय जेल के चिकित्सा दल ने पाइक के दोनों हाथों की नसों में आईवी लाइन लगाई ताकि घातक रसायन सीधे उसके खून में भेजा जा सके। अधिकारियों ने जहर की पहली बड़ी खुराक दी। उम्मीद यह थी कि कुछ ही सेकंड में पाइक बेहोश हो जाएगी और उसके बाद सांसें थम जाएंगी। लेकिन दवा नसों में जाने के बाद भी वह बेहोश नहीं हुई और खर्राटे लेने लगी। चिकित्सा दल ने स्थिति को बिगड़ते देख आपातकालीन प्रोटोकॉल के तहत जहर की दूसरी खुराक दी। इसके बावजूद पाइक की सांसें और धड़कन चलती रहीं और उसका शरीर पूरी तरह शांत नहीं हुआ। लगातार नाकामी के बाद मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने रात में इस फांसी की प्रक्रिया को आधिकारिक रूप से रद्द कर दिया। पाइक को तुरंत एम्बुलेंस से नजदीकी मेडिकल सेंटर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उसकी जान बच गई और वह पूरी तरह होश में आ गई।
कानूनी और वैज्ञानिक पहेली, आखिर चूक कहां हुई?
इस विफलता के बाद फोरेंसिक और कानूनी विशेषज्ञों ने दो मुख्य संभावनाओं पर ध्यान केंद्रित किया है। विशेषज्ञों का मानना है कि या तो आईवी (IV) लाइन सही ढंग से नस में प्रवेश नहीं कर पाई थी और रसायन आसपास के ऊतकों में रिसाव कर गया, या फिर इस्तेमाल की गई दवा की गुणवत्ता में कोई भारी खामी थी।
क्या कहता है संविधान?
अमेरिकी संविधान का 8वां संशोधन नागरिकों को क्रूर और असामान्य सजा से सुरक्षा प्रदान करता है। पाइक के वकीलों ने तुरंत अदालत का रुख करते हुए तर्क दिया है कि जिस व्यक्ति ने अपनी फांसी की पूरी प्रक्रिया, शारीरिक यातना और मानसिक आघात को सहन किया हो, उसे दोबारा उसी प्रक्रिया से गुजारना संविधान का सीधा उल्लंघन है।
आगे क्या होगा? इस ऐतिहासिक घटना के बाद अब क्रिस्टा पाइक के मामले में मुख्य रूप से 3 कानूनी रास्ते दिखाई दे रहे हैं।
- मानवाधिकार संगठन और बचाव पक्ष के वकील टेनेसी के गवर्नर से मांग कर रहे हैं कि क्रिस्टा की मौत की सजा को तुरंत घटाकर बिना पैरोल वाले आजीवन कारावास में बदल दिया जाए।
- पाइक की लीगल टीम ने अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट में याचिका दाखिल कर दोबारा डेथ वारंट जारी करने पर स्थायी रोक (Permanent Stay) की मांग की है।
- इस घटना से राज्य की न्याय व्यवस्था की भारी फजीहत हुई है। टेनेसी के गवर्नर बिल ली ने पूरे राज्य में निष्पादन प्रोटोकॉल की स्वतंत्र जांच के आदेश दिए हैं और फिलहाल सभी फांसी की सजाओं पर अस्थायी रोक लगा दी है।
यह मामला इतना असाधारण क्यों है?
वकीलों के मुताबिक, पाइक अमेरिका में ऐसी शख्स हैं जिनके बारे में माना जा रहा है कि उन्होंने इंजेक्शन की पूरी प्रक्रिया के बाद भी जीवित बचने का अभूतपूर्व रिकॉर्ड बना लिया है। उन्हें अस्पताल ले जाने के बाद वह बेहोश थीं और वेंटिलेटर पर थीं। उनके दोनों हाथों में गंभीर सूजन, जलने और छाले जैसी चोटें बताई गईं। करीब एक सप्ताह बाद, 6 अक्टूबर को उनके वकीलों ने बताया कि पाइक होश में आ गई हैं और बोल रही हैं। हालांकि उनकी हालत अभी भी गंभीर है और डॉक्टरों ने लंबे रिकवरी पीरियड की आशंका जताई है।
अब सबूतों को सुरक्षित रखने का आदेश
7 अक्टूबर को एक जज ने एक्जीक्यूशन से जुड़े सिरिंज, IV लाइंस, ड्रग्स, वीडियो, ऑडियो, रिकॉर्ड और अन्य दस्तावेजों को सुरक्षित रखने का आदेश दिया है। पाइक के वकील जानना चाहते हैं कि आखिर एक्जीक्यूशन प्रोटोकॉल में क्या गड़बड़ी हुई। इसके साथ ही टेनेसी राज्य ने एक्जीक्यूशन रोक दी हैं। इस घटना के बाद गवर्नर बिल ली ने 2026 के बाकी एक्जीक्यूशन को रोक दिया और मामले की स्वतंत्र जांच के आदेश दिए हैं।