कानपुर

Kanpur Firing Case : शादी को 'खास' बनाने के लिए की फायरिंग, सीधे 'मिस्टर कानपुर' के सिर में लगी गोली

  • Reported by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Nov 26, 2022, 03:01 PM IST

Kanpur Firing Case : एक शादी में चल रहे नाच गाने के दौरान पिस्टल से की गई हर्ष फायरिंग में सिर में गोली लगने से एक बाउंसर की मौत हो गई। मृतक बाउंसर मो. सादिक 7 बार मिस्टर कानपुर रह चुका था। पुलिस ने कई लोगों को राउंड अप किया है। अब असली गुनहगार को तलाशने के लिए पुलिस मौके पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। हालांकि मृतक के परिवार की ओर से रेल बाजार थाने में मामला दर्ज नहीं करवाया गया है।

Image

कानपुर में शादी को खास बनाने को लेकर की गई हर्ष फायरिंग में मि. कानपुर की मौत। ( प्रतीकात्मक तस्वीर)

KEY HIGHLIGHTS
  • शादी को खास बनाने को लेकर की गई थी हर्ष फायरिंग
  • सिर में गोली लगने से बाउंसर मि. कानपुर की मौत
  • पुलिस सीसीटीवी फुटेज के जरिए आरोपी का पता लगाने में जुटी

Kanpur Firing Case : कानपुर में एक मैरिज गार्डन में शुक्रवार देर रात्रि को एक शादी में की गई हर्ष फायरिंग से एक बाउंसर की सिर में गोली लगने से मौत हो गई। वारदात रेल बाजार थाने इलाके के टाटमिल की है। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले की जानकारी ली। अब पुलिस सीसीटीवी कैमरे के फुटेज की मदद से आरोपी की तलाश में जुटी है।

पुलिस के मुताबिक घटना उस वक्त हुई जब शादी में चल रहे नाच-गाने के बीच किसी ने पिस्टल से फायरिंग कर दी। इस बीच मौके पर मौजूद एक बाउंसर के सिर में गोली लग गई, जिससे वह मौके पर ही गिर गया। इसके बाद उसे आनन-फानन में साथी बाउंसर हैलट हॉस्पिटल ले गए। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर हैलट हॉस्पिटल पहुंची पुलिस ने मृतक के साथी बाउंसरों से मामले की जानकारी लेने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस मामले को लेकर पुलिस ने मौके पर मौजूद कुछ लोगों को राउंड अप भी किया है। अब पुलिस मौके पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है।

मिस्टर कानपुर रह चुका था सादिक

रेल बाजार थाने के एसएचओ प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस को शुक्रवार की देर रात्रि को करीब साढ़े 12 बजे घटना की सूचना दी गई। फायरिंग किसने की इस बात का मौके पर लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल कर पता लगाया जा रहा है। हालांकि मृतक के परिजनों की ओर से थाने में शिकायत नहीं दी गई है। सीसीटीवी फुटेज देखने के बाद ही कार्रवाई को आगे बढ़ाया जाएगा। एसएचओ के मुताबिक बाउंसर मोहम्मद सादिक (35) सात बार मिस्टर कानपुर और एक बार मिस्टर यूपी रह चुका था। उसके परिवार में पत्नी आश्मा के अलावा दो बेटियां आरफा और आयरा हैं। एसएचओ के मुताबिक छोटे भाई शाहिद ने बताया कि रामजी गुप्ता के भाई रजत गुप्ता की शादी में उसके भाई सादिक सहित अन्य बाउंसर हिमांशु, अरबाज, नसीम और अम्मार को शादी में सुरक्षा के लिए बुलाया गया था। अब पति की मौत के बाद पत्नी आश्मा बेसुध हो गई। परिजनों का रो- रो कर बुरा हाल है। घर में मातम पसरा पड़ा है।
टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article