Kanpur News: यूपी में अधिकतर इलाकों में बिजली से संबंधित समस्याएं और बिजली चोरी के मामले बढ़ते जा रहे है। गर्मी की शुरुआत होते ही बिजली चोर सक्रिय हो गए हैं। उपभोक्ताओं को कई परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। यूपी के कानपुर में जरीब चौकी डिवीजन की तो स्थिति ही अलग है। यहां किसी भी प्रकार का बिजली से संबंधित कार्य सीधे तौर पर नहीं हो रहा है। उपभोक्ता यदि अधिकारियों के पास सीधे तौर पर काम के लिए जा रहे हैं तो उन्हें किसी न किसी कागज में कमी बताकर चक्कर कटवाए जा रहे हैं। बता दें कि यूपी के कई इलाकों में स्थिति ऐसी ही है। जिस कार्य के लिए अधिकारी उपभोक्ताओं से चक्कर कटवा रहे हैं उसी काम को एजेंट चुटकियों में कर दे रहे हैं। एजेंटों और अधिकारियों की मिलीभगत उपभोक्ताओं के समय और जेब पर भारी पड़ने लगी है।
चुटकियों में करवा रहे एजेंट काम
जरीब चौकी डिवीजन और उसके सब स्टेशनों में पहुंचकर बिजली बिल में सुधार से लेकर नाम में बदलाव आदि करवाने के लिए जब बिजली उपभोक्ता अधिकारियों के पास जा रहे हैं तो बिजली अधिकारी उनके आवेदनों में कोई न कोई कमी निकालकर उन्हें इधर से उधर चक्कर कटवा रहे हैं। थक हारकर जब उपभोक्ता एजेंटों के पास उसी कार्य को लेकर जा रहे हैं तो ये काम चुटकियों में हो रहा है। लोगों को इससे कई परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
बिजली चोरों पर मेहरबान
जहां नियमित रूप से बिल भरने वाले उपभोक्ताओं को परेशान किया जा रहा है और बिजली के बिल भरा है कि नहीं आदि की चेकिंग की जा रही है। वहीं बिजली चोरी करने वाले लोगों के हौसले बुलंद होते जा रहे हैं। बिजली चोरों पर बढ़ती एजेंटों की मेहरबानी आम जनता के लिए मुसिबत बनती जा रही है। जानकारी के लिए बता दें कि कानपुर के जरीब चौकी के सब स्टेशन जरीब चौकी, गेट नंबर तीन, तेजाब मिल कैंपस, सकेरा स्टेट से लेकर अनवरगंज क्षेत्र और अफीम कोठी तक बिजली की चोरी बड़े पैमाने पर की जा रही है। यहां कई छोटे कारखाने हैं। इन कारखानों द्वारा धड़ल्ले से बिजली की चोरी की जा रही है। हैरान करने वाली बात ये है कि इतने बड़े पैमाने पर बिजली की चोरी होने के बाद भी किसी प्रकार की कार्रवाई नहीं होती दिख रही। दरअसल, इस क्षेत्र को एजेंटों द्वारा संरक्षित किया गया है।
इस पूरे इलाके में बिजली कर्मचारियों, जेई और लाइनमैन एजेंटों के इशारों पर छापेमारी करते हैं। जहां, बिजली चोरी की घटनाएं सबसे अधिक है, वहां कोई झांकने भी नहीं जाता है। इतना ही नहीं बाहर के आने वाले अधिकारियों के बारे में उन्हें पहले से अलर्ट किया जाता है, ताकि बिजली चोरी आदि की बात सामने न आए।
बिजली चोरी पर एमडी केस्को ने क्या कहा
दिन प्रतिदिन बढ़ती जा रही बिजली चोरी के मामले पर सैमुअल पाल एन, एमजी केस्को कहते हैं कि बिजली चोरी की छूट किसी को नहीं दी जाएगी। उन्होंने कहा कि क्षेत्र कि नियमित रूप से निगरानी की जाएगी। अगर कुछ भी गड़बड़ मिलती है तो उससे संबंधित अधिकारी और अन्य लोगों पर सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।
