कानपुर : शहर के परमट प्राइमरी स्कूल में सोमवार को सांसद निधि से बनने वाले आधुनिक शिक्षण कक्षों और स्मार्ट क्लास परियोजना का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम की सबसे खास बात यह रही कि शिलान्यास की सभी औपचारिकताएं किसी जनप्रतिनिधि के बजाय विद्यालय के मेधावी छात्र कुमार शिवांशु के हाथों कराई गईं। मीडिया खबरों के हवाले से भूमि पूजन, नारियल फोड़ने और शिलापट्ट के अनावरण की पूरी प्रक्रिया छात्र कुमार शिवांशु ने संपन्न की। इस पहल की अभिभावकों, शिक्षकों और स्थानीय लोगों ने सराहना की। कार्यक्रम के दौरान सांसद रमेश अवस्थी ने छात्र को विद्यालयी बैग और अध्ययन सामग्री भी भेंट की तथा अन्य विद्यार्थियों को शिक्षा, अनुशासन और परिश्रम को जीवन का आधार बनाने का संदेश दिया।
सांसद रमेश अवस्थी ने कहा कि सरकारी विद्यालयों में आधुनिक शैक्षणिक सुविधाओं का विस्तार समय की जरूरत है। उन्होंने कहा कि स्मार्ट क्लास के माध्यम से विद्यार्थियों को डिजिटल कंटेंट, कंप्यूटर, प्रोजेक्टर और इंटरएक्टिव लर्निंग जैसी सुविधाएं मिलेंगी, जिससे उनकी पढ़ाई अधिक प्रभावी और रोचक बनेगी। उनका कहना था कि सरकारी स्कूलों के छात्रों को भी गुणवत्तापूर्ण और तकनीक आधारित शिक्षा का समान अवसर मिलना चाहिए।
टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें -Muzaffarnagar News: मुजफ्फरनगर में धर्मांतरण की बड़ी साजिश नाकाम, 12 लोग गिरफ्तार
विद्यालय के प्रधानाध्यापक ने बताया कि सांसद निधि से स्कूल में आधुनिक शिक्षण कक्ष और स्मार्ट क्लास का निर्माण कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इन सुविधाओं से विद्यालय का शैक्षणिक माहौल और बेहतर होगा। उन्होंने यह भी बताया कि इससे पहले विद्यार्थियों को स्कूल यूनिफॉर्म भी उपलब्ध कराई गई थी।
समारोह के बाद सांसद रमेश अवस्थी ने कहा, "मैं खुद मंच पर नहीं बैठा और शिलान्यास भी एक बच्चे से कराया। बैनर पर भी सिर्फ उसी बच्चे की तस्वीर लगाई गई। हो सकता है कुछ लोग इस पर भी राजनीति करें, लेकिन मेरी सभी से अपील है कि राजनीति के लिए कई मंच हैं, शिक्षा के मंदिर को राजनीतिक अखाड़ा न बनाएं। नन्हे बच्चों को राजनीति का मोहरा नहीं बनाना चाहिए।"
