Kanpur Murder: कानपुर के पनकी थाना क्षेत्र में रिश्तों के कत्ल की एक सनसनीखेज वारदात हुई है। रतनपुर स्थित रामगंगा एन्क्लेव के एक फ्लैट में 29 वर्षीय दीपिका सैनी का शव बरामद हुआ है। आरोप है कि दीपिका के पति शोएब खान उर्फ सौरभ ने घरेलू विवाद के बाद उसकी गला दबाकर हत्या कर दी। शादी के महज 90 दिनों के भीतर हुए इस कत्ल ने प्रेम विवाह के दावों पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
तीन महीने पहले ही की थी शादी
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि दीपिका और शोएब ने अक्टूबर 2025 में प्रेम विवाह किया था। शादी के बाद दोनों रामगंगा एन्क्लेव के फ्लैट नंबर B-54/9 में रहने लगे थे। उनके साथ दीपिका का 4 साल का बेटा भी रहता था। परिजनों के मुताबिक, शुरुआत में सब ठीक था, लेकिन धीरे-धीरे छोटी-छोटी बातों पर दोनों के बीच झगड़े शुरू हो गए थे।
हत्या के बाद परिजनों को खुद दी जानकारी
सोमवार दोपहर किसी बात को लेकर शोएब और दीपिका के बीच तीखी बहस हुई। विवाद इतना बढ़ा कि शोएब ने आपा खो दिया और वारदात को अंजाम दिया। चौंकाने वाली बात यह है कि हत्या करने के बाद शोएब ने भागने से पहले खुद दीपिका के परिजनों को फोन किया और उन्हें फ्लैट पर बुलाया। जब परिजन मौके पर पहुंचे शोएब फरार हो गया।
पुलिस की छानबीन और डीसीपी का बयान
घटना की सूचना मिलते ही डीसीपी वेस्ट एस.एम. कासिम आबिदी और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। डीसीपी ने बताया कि झगड़े के बाद शाम को जब शोएब घर पहुंचा तो दरवाजा अंदर से बंद था, जिसे उसने बलपूर्वक खोला, जिसके बाद उसे अंदर दीपिका का शव दिखा। उन्होंने कहा, "आरोपी शोएब ट्रक ड्राइविंग का काम करता है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और रिपोर्ट आने के बाद मौत की सही वजह साफ होगी।"
फरार आरोपी की तलाश में टीमें रवाना
मृतका की मां का रो-रोकर बुरा हाल है और उनकी तहरीर के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। शोएब की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें छापेमारी कर रही हैं। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपी को सलाखों के पीछे भेज दिया जाएगा।
