Bengaluru Multiple Murders: बेंगलुरु में हुए सनसनीखेज मल्टीपल मर्डर केस में पुलिस को एक और बड़ी कामयाबी मिली है। मैसूर जिले में चामुंडी हिल्स के जंगल से दो और शव बरामद किए गए हैं। इनकी पहचान शिवकुमार और दिव्या के रूप में हुई है। इसके साथ ही इस हत्याकांड में अब तक कुल 5 शव बरामद हो चुके हैं। इससे पहले शनिवार को तमिलनाडु के सेलम जिले के यरकौड जंगल से कैब ड्राइवर की पत्नी और सास के शव मिले थे। वहीं शुक्रवार को नंदी हिल्स के पास 7 साल के मासूम पुनीत का शव बरामद हुआ था।
7 सदस्यों की हत्या से मची सनसनी
आरोपी कैब ड्राइवर इंदुसेकर उर्फ शेखर ने कथित तौर पर अपनी पत्नी के परिवार के 7 सदस्यों की हत्या कर दी। इसमें 7 साल का बच्चा भी शामिल है। पुलिस के मुताबिक, घरेलू विवाद के चलते उसने इन हत्याओं को अंजाम दिया। पुलिस को शक है कि ये हत्याएं पिछले 15 से 20 दिनों के अंदर की गईं। आरोपी ने हत्याएं बेंगलुरु में राजाजीनगर पुलिस स्टेशन की सीमा में अपने घर पर ही कीं। इसके बाद उसने शवों को कर्नाटक और तमिलनाडु के अलग-अलग जंगलों में ठिकाने लगा दिया।
पुलिस को अभी दो और शव की तलाश
अभी भी 2 शव मिलने बाकी हैं। पुलिस उनकी तलाश में जुटी है। पूछताछ के दौरान आरोपी ने ही शव ठिकाने लगाने वाली जगहों के बारे में बताया था, जिसके बाद पुलिस की टीमों ने अलग-अलग जगहों पर सर्च ऑपरेशन शुरू किया। जांच में एक और चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। पुलिस को शक है कि आरोपी ने हत्या से पहले पीड़ितों को नशीली दवा दी थी। साथ ही यह भी जांच हो रही है कि क्या उसने हमले के दौरान टीवी की आवाज तेज कर दी थी, ताकि पड़ोसियों को चीख-पुकार की आवाज न सुनाई दे।
3 नवंबर को हुआ था बड़े हत्याकांड का खुलासा
यह पूरा मामला 3 नवंबर को सामने आया, जब श्रीरामपुरा पुलिस स्टेशन में एक गुमशुदगी की शिकायत दर्ज की गई। जांच के दौरान ही इस बड़े हत्याकांड का खुलासा हुआ। इसके बाद केस को मर्डर केस में बदलकर राजाजीनगर पुलिस स्टेशन में दर्ज किया गया। पुलिस अब आरोपी के मोबाइल, कॉल डिटेल और उसके घर से मिले सबूतों की जांच कर रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि क्या हत्याओं में किसी और ने भी उसकी मदद की थी। इस घटना ने पूरे बेंगलुरु को हिला कर रख दिया है।
